नल खराब-सड़कें बदहाल, ऐसा है कसमंडा में विकास का हाल

कसमंडा ब्लॉक इलाके की समस्याओं की बात की जाए

By JagranEdited By: Publish:Sun, 28 Feb 2021 10:39 PM (IST) Updated:Sun, 28 Feb 2021 10:39 PM (IST)
नल खराब-सड़कें बदहाल, ऐसा है कसमंडा में विकास का हाल
नल खराब-सड़कें बदहाल, ऐसा है कसमंडा में विकास का हाल

सीतापुर : कसमंडा ब्लॉक इलाके की समस्याओं की बात की जाए तो बदहाल सड़कें और खराब नल यहां के विकास की हकीकत बताने के लिए काफी हैं। अधिकांश ग्राम सभाओं के संपर्क मार्ग जर्जर हैं। कच्चे रास्ते राहगीरों को दर्द दे रहे हैं। सिचाई के साधनों का हाल भी बेहाल है।

गर्मी शुरू, खराब पड़े हैं नल

ब्लॉक इलाके की ग्राम पंचायत कैमा में दो नल खराब पड़े हैं। इसी प्रकार दहावा में तीन नल, दहिइयां जगदीशपुर में दो नल व कंदुनी ग्राम पंचायत में एक नल खराब पड़ा हुआ है। इसी तरह कई अन्य ग्राम सभाओं में भी नल खराब पड़े हैं। गर्मी की शुरूआत हो चुकी हैं और खराब नल लोगों की समस्या बने हुए हैं। वहीं कंदुनी गांव के पास बिजली के लटकते तार भी समस्या बने हुए हैं।

सड़कें बदहाल, राहगीर हैं बेहाल

ग्राम पंचायत कौरसा से कैमा के मजरा शिवपुरी को जोड़ने वाला रास्ता करीब तीन किलोमीटर तक कच्चा है। शिवपुरी, क्योटी, बाबुआपुर, दौलतपुर, संडौर व चौड़िया कैमा आदि गांव के लोगों को सात किमी का चक्कर काटकर आना पड़ता है। इन गांवों के लोगों ने अधिकारियों सहित जनप्रतिनिधियों से भी गुहार लगाई है। कैप्टन मनोज पांडे गेट व कमलापुर से नवागांव संपर्क मार्ग जो कई गांवों को जोड़ता है, यह संपर्क मार्ग भी जर्जर हो है। इस सड़क से कई गांवों के राहगीर गुजरते हैं। कमलापुर में पढ़ाई करने वाले छात्र भी इसी जर्जर सड़क से आते-जाते हैं। कंदुनी से रामपुर कलां थाने को जाने वाली सड़क भी खराब है।

परेशान किसान, जिम्मेदार नहीं दे रहे ध्यान

ब्लॉक इलाके के राजकीय नलकूप खराब हैं। गांव लक्ष्मणपुर का राजकीय नलकूप दस वर्षों से अधिक समय से खराब है। गांव सरौराकला का राजकीय नलकूप भी बंद पड़ा है। दहावा को जोड़ने वाली बड़ी नहर में अब तक पानी नहीं छोड़ा गया है। मुन्नालाल शुक्ला, ओम प्रकाश पांडेय, ललित मौर्य, काशीराम यादव व सोमपाल यादव आदि ने बताया कि, नहर सूखी होने से समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

chat bot
आपका साथी