जर्जर सड़क पर थम गई रफ्तार, जाम में घंटों फंसे रहे यात्री

लोग जाम में फंसे रहे और पुलिस झांकने तक नहीं पहुंची

By JagranEdited By: Publish:Sun, 25 Jul 2021 12:45 AM (IST) Updated:Sun, 25 Jul 2021 12:45 AM (IST)
जर्जर सड़क पर थम गई रफ्तार, जाम में घंटों फंसे रहे यात्री
जर्जर सड़क पर थम गई रफ्तार, जाम में घंटों फंसे रहे यात्री

सीतापुर : लखीमपुर मार्ग पर शनिवार की सुबह लंबा जाम लग गया। इस दौरान लोग घंटों फंसे रहे। हैरानी की बात यह है कि वाहन फंसे रहे और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। इससे अव्यवस्थाएं और बढ़ गईं। लोगों ने अपने वाहनों को जल्दी निकालने के चक्कर में इधर-उधर से निकालने की कोशिश की तो स्थितियां और बिगड़ गईं। करीब दो घंटे तक लोग जाम के झाम में जूझते रहे।

सीतापुर से लखीमपुर जाने वाली परिवहन निगम की बसें पुलिस लाइन से नेपालापुर होते हुए जाती हैं। लखीमपुर से आने वाली बसें भी इसी रूट से बसअड्डे आती हैं। इसके अलावा लहरपुर, तंबौर व परसेंडी जाने वाले वाहन भी इसी सड़क से गुजरते हैं। यह सड़क बारिश के बाद काफी जर्जर हो गई। इसी के मद्देनजर मरम्मत का कार्य शुरू किया गया लेकिन, कार्यदायी संस्था और जिम्मेदारों के बीच कोई तालमेल नहीं दिखा।

इस वजह से लगा जाम

पुलिस लाइन से नेपालापुर होते हुए लखीमपुर जाइए तो नैमिषपुरम मुहल्ले के पास सड़क खराब है। शनिवार को सड़क को खोदकर मरम्मत का काम चल रहा था। इस वजह से एक हिस्सा बिल्कुल बंद हो गया। वाहनों के आवागमन के लिए थोड़ी सी जगह बची। जाम में फंसे लखीमपुर के राघवेंद्र गुप्ता ने बताया कि यदि सड़क की मरम्मत ही करनी थी तो रात के समय में होनी चाहिए। इससे इतनी दिक्कत नहीं होती। घनश्याम मिश्र ने कहा कि ऐसे कार्य के लिए डायवर्जन किया जाना चाहिए। इसके लिए तो पहले से ही प्लान बनना चाहिए। अगर सड़क की मरम्मत हो रही है तो भारी वाहनों का निकल पाना संभव ही नहीं है।

सीओ सिटी बोले..

सीओ सिटी पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि मार्ग मरम्मत कार्य के चलते थोड़ी समस्या आई है। पुलिस कर्मियों को भेजा गया है। जाम जैसी कोई स्थिति नहीं रही हालांकि, शाम को उन्होंने भी जाम को स्वीकार किया। कहा कि इस समस्या को देखते हुए अब डायवर्जन की व्यवस्था की जाएगी।

chat bot
आपका साथी