62 घंटे सीतापुर में रहीं प्रियंका, स्थिति सामान्य होने पर लखीमपुर गईं

सोमवार सुबह साढ़े चार बजे रोकी गईं बुधवार शाम 620 पर रवाना राहुल संग गाड़ी से लखीमपुर रवाना हुईं कार्यकर्ताओं से वादा निभाया

By JagranEdited By: Publish:Wed, 06 Oct 2021 11:53 PM (IST) Updated:Wed, 06 Oct 2021 11:53 PM (IST)
62 घंटे सीतापुर में रहीं प्रियंका, स्थिति सामान्य होने पर लखीमपुर गईं
62 घंटे सीतापुर में रहीं प्रियंका, स्थिति सामान्य होने पर लखीमपुर गईं

सीतापुर : कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सीतापुर में करीब 61 घंटे 50 मिनट रुकीं। उनकी गिरफ्तारी और हिरासत में लिए जाने को लेकर चल रहा सस्पेंस भी बुधवार शाम को खत्म हो गया। डीएम सीतापुर विशाल भारद्वाज ने दैनिक जागरण को बताया कि प्रियंका गांधी वाड्रा पहले 24 घंटे गिरफ्तार थीं। उन्हें धारा 151 में ही गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद प्रियंका गांधी वाड्रा समेत चार लोगों को सीतापुर में निषेधाज्ञा के तहत रोका गया था। लखीमपुर खीरी में स्थितियां सामान्य हुईं। इसके बाद खीरी जिला प्रशासन ने हमें बताया कि वह आ सकती हैं तो उन्हें जाने दिया गया।

शाम पांच बजे सीतापुर पहुंचे राहुल

राहुल गांधी बुधवार की शाम 5:01 मिनट पर सीतापुर पहुंचे। द्वितीय वाहिनी पीएसी गेस्ट हाउस पहुंच कर उन्होंने सबसे पहले बहन प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात की। इसके बाद राहुल और प्रियंका शाम करीब छह बजे द्वितीय वाहिनी पीएसी गेट पर जुटे कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे। दोनों को देखकर भीड़ काफी उत्साहित हो गई। ऐसे में सुरक्षा कारणों के मद्देनजर दोनों ने कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया और तुरंत वापस लौट गए। इसके बाद राहुल और प्रियंका एक ही गाड़ी से लखीमपुर रवाना हो गए। प्रियंका गांधी वाड्रा को सीतापुर के हरगांव में पुलिस ने सोमवार सुबह 4:30 बजे रोका था। इस तरह प्रियंका सीतापुर में करीब 61 घंटे 50 मिनट रहीं। वहीं राहुल करीब 1 घंटा 19 मिनट रहे।

जुटे कांग्रेसी, चमकी सियासत

प्रियंका को सीतापुर में रोके जाने के बाद कई प्रदेशों से कांग्रेसी सीतापुर पहुंचे। द्वितीय वाहिनी पीएसी गेट पर कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया और समर्थन में नारे भी लगाए। वहीं, प्रियंका ने भी गेस्ट हाउस के कमरे में पहले झाड़ू लगाकर सुर्खियां बटोरी। उन्होंने भाजपा सरकार के खिलाफ वीडियो संदेश भी जारी किए।

इंटरनेट बंद होने पर कांग्रेस का ट्वीट

प्रियंका गांधी वाड्रा को सीतापुर में द्वितीय वाहिनी पीएसी के गेस्ट हाउस में रोका गया था। बुधवार सुबह करीब सवा आठ बजे इंटरनेट सेवाएं बाधित हो गईं। इसके बाद कांग्रेस ने ट्वीट कर इसे विपक्ष की आवाज दबाने वाला कदम बताया।

सोमवार सुबह साढ़े चार बजे रोकी गईं, बुधवार शाम 6:20 पर रवाना, राहुल संग गाड़ी से लखीमपुर रवाना हुईं, कार्यकर्ताओं से वादा निभाया

chat bot
आपका साथी