कोहरे में बस चलाने की तैयारी, आल वेदर बल्ब का इंतजार

रोडवेज की कई बसों में नहीं लगे हैं वाइपर कैसे होगा कोहरे में सफर। चालक-परिचालकों की हुई काउंसिलिंग दी गई जरूरी जानकारी।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 02 Dec 2021 11:47 PM (IST) Updated:Thu, 02 Dec 2021 11:47 PM (IST)
कोहरे में बस चलाने की तैयारी, आल वेदर बल्ब का इंतजार
कोहरे में बस चलाने की तैयारी, आल वेदर बल्ब का इंतजार

सीतापुर : कोहरे में सुरक्षित सफर का दावा करने वाले रोडवेज की बसों के सामने कई दिक्कतें हैं। कई बसों के विंड स्क्रीन पर वाइपर नहीं है। वहीं, आल वेदर बल्ब भी अब तक उपलब्ध नहीं हो सका है। बहरहाल, चालकों और परिचालकों की काउंसिलिंग कर बसों के परिचालन संबंधी जरूरी जानकारियां साझा की जा चुकी हैं। एआरएम राकेश कुमार के मुताबिक कोहरे में यात्रा के मद्देनजर तैयारी पूरी है। चालकों-परिचालकों को निर्धारित स्टाप पर बस रोकने की नसीहत भी दी गई है।

एआरएम राकेश कुमार ने बताया कि कोहरे का असर बसों के परिचालन पर न पड़े, इसके लिए आल वेदर बल्ब की उपलब्धता का इंतजार है। संभावना है कि इसी सप्ताह आल वेदर बल्ब आ भी जाएंगे। सवारियों की सहूलियत के लिए बसों की खिड़की के शीशे दुरुस्त रखने की हिदायत भी चालकों व परिचालकों को दी गई है।

दी गई ये नसीहत :

- दो गाड़ियों के बीच की सुरक्षित दूरी को बढ़ाएं।

- धुंध बढ़ जाने पर धीमी गति से चलें और कठिनाई होने पर सुरक्षित जगह देखकर रुकें।

- सड़क पर बस को खड़ी न करें और सड़क के बीच में न चलें।

- कोहरा बढ़ने पर सड़क के किनारे बनी सफेद पट्टी का सहारा ले कर चलें।

- बस को रोकने से पहले पीछे अवश्य देखें।

- तेज गति से वाहन न चलाएं, लाइट का प्रयोग करें। आंकड़ों में परिवहन निगम व अनुबंधित बसें :

- 101 परिवहन निगम की हैं सीतापुर डिपो में।

- 72 बसें अनुबंधित हैं सीतापुर डिपो से।

- 33 बसें लंबी दूरी वाले रूट पर चलती हैं।

- 68 बसें लोकल रूट पर संचालित की जाती हैं।

- 10 अनुबंधित बसों की जांच होती है प्रतिदिन। कुछ लोकल रूट की बसों में नहीं है वाइपर :

एआरएम राकेश कुमार ने बताया कि लंबी दूरी की सभी बसों में वाइपर लगा है। कुछ लोकल रूट की बसों में वाइपर नही है। अनुबंधित बसों के रखरखाव की जिम्मेदारी मालिक की होती है। सुबह व शाम पांच-पांच अनुबंधित बसों की जांच प्रतिदिन की जाती है।

बसों की कमी से भटके यात्री :

गुरुवार दोपहर करीब 1:40 बजे बिसवां, बहराइच, महमूदाबाद, हरदोई, रेउसा, मिश्रिख व तंबौर जाने वाली बसें नहीं थी। सवारियों को यहां से वहां भटकना पड़ा। दिल्ली जाने वाली सवारियां भी परेशान थीं। पूछताछ केंद्र पर बस आने पर ही जाएगी, ये जवाब दिया जा रहा था।

chat bot
आपका साथी