बुखार का बढ़ा प्रकोप, एक की मौत

डेंगू और चिल्ड्रेन वार्ड भी बुखार पीड़ितों से फुल

By JagranEdited By: Publish:Sat, 02 Oct 2021 11:46 PM (IST) Updated:Sat, 02 Oct 2021 11:46 PM (IST)
बुखार का बढ़ा प्रकोप, एक की मौत
बुखार का बढ़ा प्रकोप, एक की मौत

सीतापुर : बुखार-जुकाम व डायरिया का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा। मौतों का सिलसिला भी जारी है। शनिवार को जिला अस्पताल के मेडिकल वार्ड में भर्ती बुखार पीड़ित पुष्पराज की मौत हो गई। गंभीर हालत देख परिवारजन ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया था। मेडिकल वार्ड में मरीजों की संख्या बढ़ी है। सिधौली निवासी पहाड़ी को बुखार है और इमलिया में रहने वाले अनिल को झटके आ रहे हैं। दोनों को एक ही बेड पर भर्ती किया गया है। वार्ड में बुखार पीड़ित कई अन्य मरीज भी भर्ती हैं। वहीं बेड की संख्या कम होने की वजह से डेंगू वार्ड में भी मरीजों का उपचार किया जा रहा है। अटरिया-कीरतपुर निवासी तौलेराम की जांच में मलेरिया की पुष्टि हुई है। कालीचरन को भी मलेरिया बताया गया। महिला वार्ड में शनिवार को 43 मरीज भर्ती थे।

पहले सौरभ, अब छोटे भाई प्रिस को पेट में दर्द

जिला अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड में भर्ती छह माह के प्रिस को पेट में दर्द है। उसे बुखार भी आया था। चौधरीटोला निवासी पिता हरिशंकर ने बताया कि प्रिस से पहले बड़े बेटे सौरभ को बुखार आया था। वह अस्पताल में ही था कि प्रिस बीमार हो गया। सौरभ को ब्लड़ चढ़ा था, प्रिस को भी ब्लड चढ़ाने को कहा गया है।

बुखार से पीड़ित दो और बच्चे भर्ती

चिल्ड्रेन वार्ड में शनिवार को तीन बच्चे भर्ती किए गए। दो बच्चे बुखार पीड़ित हैं। वार्ड में 25 बच्चों का उपचार किया गया। गांव हथिया निवासी कोमल को पेट में दर्द था। हालत गंभीर हुई तो उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पिता आदित्य ने बताया कि बच्ची की हालत बहुत खराब थी।

वर्जन

मरीजों की संख्या बढ़ी है। मरीज अधिक होने से एक बेड पर दो का उपचार किया जा रहा है। चिल्ड्रेन वार्ड में भर्ती बच्चे ठीक हो रहे हैं।

- डा. एके अग्रवाल, सीएमएस

chat bot
आपका साथी