प्रतिबंधित 700 आक्सीटोसिन इंजेक्शन परचून की दुकान से बरामद

संवादसूत्र लखीमपुर शहर से सटे सुआगाड़ा में करीब सात साल पहले प्रतिबंधित हो चुके आक्सीटो

By JagranEdited By: Publish:Thu, 01 Jul 2021 11:21 PM (IST) Updated:Thu, 01 Jul 2021 11:21 PM (IST)
प्रतिबंधित 700 आक्सीटोसिन इंजेक्शन परचून की दुकान से बरामद
प्रतिबंधित 700 आक्सीटोसिन इंजेक्शन परचून की दुकान से बरामद

संवादसूत्र, लखीमपुर: शहर से सटे सुआगाड़ा में करीब सात साल पहले प्रतिबंधित हो चुके आक्सीटोसिन इंजेक्शन का जखीरा बरामद किया गया है। यह इंजेक्शन जिले में चोरी छिपे बेचे जा रहे थे। इनका इस्तेमाल जानवरों से दूध निकालने के लिए किया जाता है। एडीएम अरुण सिंह की अगुवाई में गुरुवार को सुआगाड़ा में परचून की दुकान पर छापेमारी की गई। जहां से 700 इंजेक्शन दुकान से बरामद हुए हैं। सैंपल भरकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

छापामारी के दौरान अभिहीत अधिकारी कौशलेंद्र शर्मा, ड्रग इंस्पेक्टर सुनील रावत, सीतापुर के ड्रग इंस्पेक्टर नवीन कुमार शामिल रहे। दुकानदार ने बताया कि उसको कोई व्यक्ति लाकर यह इंजेक्शन दे जाता है। अब उस व्यक्ति की तलाश की जा रही है।

औषधि निरीक्षक सुनील रावत ने बताया कि सुआगाड़ा में प्रतिबंधित आक्सीटोसिन इंजेक्शन बिक्री होने की जानकारी पर पिछले कई दिनों से गोपनीय निगरानी की जा रही थी। इसकी सूचना आयुक्त खाद्य सुरक्षा को दी गई। उनके निर्देश पर एडीएम ने टीम गठित की। जिसके बाद सुआगाड़ा पहुंचकर टीम ने छापामारी की। पता चला कि यहां से यह इंजेक्शन करीब ढाई रुपये का एक बेचा जा रहा है। छापामारी में जनरल स्टोर में रखे करीब 700 इंजेक्शन बरामद हुए। दुकान संचालक रामभजन निवासी सुआगाड़ा ने बताया उसको एक अपरिचित व्यक्ति यह इंजेक्शन दे जाता है। एक एमएल वाले इंजेक्शन 120 के सौ वह दे जाता है और यहां से ढाई रुपए एक इंजेक्शन बेचा जाता है। औषधि निरीक्षक ने बताया कि इस इंजेक्शन का प्रयोग जानवरों के लिए होता है। कई साल पहले यह इंजेक्शन प्रतिबंधित कर दिया गया था।

chat bot
आपका साथी