खुशबू की प्रतिभा से राष्ट्रीय फलक पर चमका महमूदाबाद

गोधौरी स्कूल की छात्रा खूशबू को राष्ट्रीय स्तर पर मिला चतुर्थ स्थान

By JagranEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 12:34 AM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 12:34 AM (IST)
खुशबू की प्रतिभा से राष्ट्रीय फलक पर चमका महमूदाबाद
खुशबू की प्रतिभा से राष्ट्रीय फलक पर चमका महमूदाबाद

सीतापुर: शाबाश बिटिया! कंपोजिट विद्यालय गोधौरी की कक्षा सात की छात्रा खुशबू की प्रतिभा से महमूदाबाद और जिले का नाम राष्ट्रीय फलक पर चमका है। इस स्कूल की छात्रा खुशबू की फोटो को राष्ट्रीय स्तर की फोटोग्राफी प्रतियोगिता में चौथा स्थान मिला है। इसके लिए खुशबू को प्रमाण पत्र मिल गया है। एनसीईआरटी की ओर से उसे नकद पुरस्कार देकर भी सम्मानित किया जाएगा।

3 अगस्त से 12 अगस्त 2020 के बीच एनसीईआरटी ने राष्ट्रीय स्तर की फोटोग्राफी प्रतियोगिता का आयोजन किया था। कक्षा छह से आठ के लिए आयोजित आत्मनिर्भर भारत-स्वतंत्र भारत वर्ग में खुशबू ने भी प्रतिभाग किया था। उसकी खींची तस्वीर खास भी थी। उसने विद्यालय के बच्चों के सहयोग से भारत के नक्शे पर देश की माटी और विभिन्न संस्कृतियों को उभारा। थीम आत्मनिर्भर भारत थी, इसी वजह से कोई हैंडक्राफ्ट का तो कोई माटी के बने बर्तनों का प्रदर्शन कर रहा था। यही नहीं, नक्शे के बीच गांधीजी के तीन बंदर भी दिखाए गए, जो बुरा मत देखो, बुरा मत बोलो और बुरा मत सुनो की सीख दे रहे थे। इस तस्वीर को एनसीईआरटी की वेबसाइट पर अपलोड किया गया था। अब इसका परिणाम जारी हो गया है, जिसमें खुशबू को चौथा स्थान मिला है।

ममता के मार्गदर्शन में निखरी खुशबू

विद्यालय की शिक्षक ममता ने खुशबू को कक्षा एक से पढ़ाया है। उन्हीं के मार्गदर्शन में वह आगे बढ़ी है। बकौल, ममता खुशबू के पुरस्कार और प्रमाण पत्र के लिए एनसीईआरटी से फोन आया था। प्रमाण पत्र मिल गया है। नकद पुरस्कार के लिए खुशबू के बैंक खाते की जानकारी दे दी गई है। नकद पुरस्कार की राशि उसके खाते में आएगी।

पिता किसान और मां रसोइया

खुशबू के पिता रामसहारे किसान हैं। उसकी मां प्रेमलता प्राथमिक विद्यालय में रसोइया है। खुशबू का भाई काल्विन इंटर कालेज में अध्ययनरत है।

chat bot
आपका साथी