हड़ताल पर संविदा कर्मचारी प्रभावित रहीं स्वास्थ्य सेवाएं

हड़ताल से प्रभावित रहीं कई सेवाएं यहां से वहां भटके लोग। सात मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं एनएचएम के संविदा कर्मचारी।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 01 Dec 2021 11:33 PM (IST) Updated:Wed, 01 Dec 2021 11:33 PM (IST)
हड़ताल पर संविदा कर्मचारी प्रभावित रहीं स्वास्थ्य सेवाएं
हड़ताल पर संविदा कर्मचारी प्रभावित रहीं स्वास्थ्य सेवाएं

सीतापुर : कसरैला से सुबह 10 बजे जिला अस्पताल आयुष्मान कार्ड बनवाने आए सुधीर कुमार को मायूस लौटना पड़ा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारियों की हड़ताल से सुधीर को परेशानी उठानी पड़ी। फिरोजपुर के रामलोटन को फिजियोथेरेपी करानी थी। काफी देर इंतजार के बाद वह भी वापस चले गए। मूड़ाकला के सत्रोहन को भी निराशा ही हाथ लगी।

ये कुछ नाम बानगी भर हैं। दरअसल, संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की हड़ताल से जिला अस्पताल, महिला अस्पताल सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी लोग परेशान दिखे। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ सीतापुर के जिलाध्यक्ष आदित्य भारती ने बताया कि संगठन की लंबित मांगों के निराकरण के संबंध में पूर्व में ज्ञापन दिया गया था।

सीएमओ डा. मधु गैरोला ने बताया कि एनएचएम के संविदा कर्मचारियों की हड़ताल का असर कुछ सेवाओं पर पड़ा। हड़ताल के संबंध में सूचना भेजी जा चुकी है। एनएचएम से भी वार्ता चल रही है। इनकी मांगे जिलास्तर से संबंधित नहीं हैं।

इन कामों पर पड़ा हड़ताल का असर :

संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की हड़ताल का असर कोविड टीकाकरण व कोविड सैंपलिग की आनलाइन फीडिग पर पड़ा। इसके अलावा जेएसवाई भुगतान, दैनिक रिपोर्टिग, बिल भुगतान व अन्य विभागीय कामकाज भी प्रभावित हुए। टीकाकरण कराने आए लोगों को भी बैरंग लौटना पड़ा।

इन मांगों को लेकर हड़ताल पर स्वास्थ्यकर्मी :

प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ सीतापुर के कर्मचारी सात सूत्री मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। इन मांगों में विनियमितीकरण व असृजित पदों का विभाग में सृजन, वेतन विसंगति, सातवें वेतन आयोग का लाभ व नौकरी की सुरक्षा शामिल है। इसके अलावा आउटसोर्स नीति को खत्म करने, बीमा पालिसी व आशा कार्यकर्ता को नियत मानदेय देने की मांग भी शामिल है।

जिले में 15 सौ स्वास्थ्यकर्मी, हड़ताल पर 13 सौ :

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ सीतापुर के जिलाध्यक्ष आदित्य भारती के मुताबिक जिले में करीब 1,500 संविदा स्वास्थ्यकर्मी कार्यरत हैं। आपातकालीन सेवा में काम कर रहे संविदा कर्मियों को छोड़कर करीब 1,300 कर्मचारी हड़ताल पर हैं। उन्होंने बताया कि हड़ताल को राज्य कर्मचारी संघ का भी समर्थन मिला है।

chat bot
आपका साथी