कोरोना का खतरा, अब जग जाओ, मास्क लगाओ..

सार्वजनिक स्थलों पर आमजन दिख रहे हैं बेपरवाह बाजार में लोग बिना मास्क व शारीरिक दूरी के दिखे

By JagranEdited By: Publish:Mon, 29 Nov 2021 11:10 PM (IST) Updated:Mon, 29 Nov 2021 11:10 PM (IST)
कोरोना का खतरा, अब जग जाओ, मास्क लगाओ..
कोरोना का खतरा, अब जग जाओ, मास्क लगाओ..

सीतापुर: कोरोना का खतरा एक बार फिर बढ़ गया है। सीतापुर में भी एक केस मिला है। ऐसे में हमें सतर्क रहने की जरूरत है। यह जानते तो सभी हैं लेकिन, आप जिस तरफ देखिए, कोई इसका पालन करता नहीं दिखता। बाजार हों या दफ्तर, या फिर कोई और स्थान, हर जगह बेपरवाही आपको नजर आ जाएगी। सोमवार को दैनिक जागरण की पड़ताल में शहर में जगह जगह कोविड नियमों की अनदेखी व लोगों की लापरवाह कार्य शैली नजर आई।

न मास्क न शारीरिक दूरी का हो रहा पालन

लालबाग मुख्य बाजार में दोपहर के समय काफी भीड़ थी। लोग बाजार में बेपरवाह होकर आ जा रहे थे। दुकानों में भी लोगों की काफी भीड़ थी। ग्राहक खरीदारी तो व्यापारी बिक्री में मशगूल थे। इस दौरान शारीरिक दूरी का पालन तो दूर की बात कुछ एक को छोड़कर अधिकांश लोग मास्क नहीं लगाए थे। जबकि उनकी यह लापरवाही बहुतों के लिए नुकसान दायक हो सकती है।

सैनिटाइजर नदारद

बाजार में शारीरिक दूरी का पालन कराने के लिए बनाए गए गोले गायब हो चुके हैं। इसके अलावा कोरोना काल में सबसे ज्यादा उपयोग में आने वाला सैनिटाइजर भी नहीं दिख रहा था। दुकानों में लोग आ जा रहे थे उनका सैनिटाइजेशन हीं हो रहा था।

विकास भवन, कलेक्ट्रेट में नहीं हो रहा पालन

विकास भवन व कलेक्ट्रेट में जहां सबसे ज्यादा नियमों का पालन होना चाहिए वहीं कोविड नियमों की अनदेखी हो रही थी। यहां दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले ग्रामीण बिना मास्क के घूम रहे थे। वहीं कार्यालयों में भी कुछ कर्मचारियों के अलावा कोई भी मास्क नहीं लगाए था।

कुछ स्कूलों में बदल गया शेड्यूल

दूसरी लहर के बाद स्कूल खुले तो बच्चों को चक्रानुक्रम में बुलाया गया। इसके बाद हालात तेजी से सामान्य हुए। इसे देखते हुए स्कूलों ने भी सभी बच्चों को फिर से बुलाया। हालांकि, खतरे के बाद यह व्यवस्था फिर वापस ले ली गई है। कुछ स्कूलों ने बच्चों के लिए फिर से वही पुरानी व्यवस्था लागू कर दी है। अब बच्चे फिर चक्रानुक्रम में आएंगे।

chat bot
आपका साथी