बारिश और तेज हवाओं से बिजली आपूर्ति लड़खड़ाई

लोकल फाल्ट से बाधित रही आपूर्ति परेशान रहे उपभोक्ता।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 19 Oct 2021 11:40 PM (IST) Updated:Tue, 19 Oct 2021 11:40 PM (IST)
बारिश और तेज हवाओं से बिजली आपूर्ति लड़खड़ाई
बारिश और तेज हवाओं से बिजली आपूर्ति लड़खड़ाई

सीतापुर : बारिश ने बिजली आपूर्ति का भी संकट खड़ा कर दिया है। कई स्थानों पर बिजली लाइनों में फाल्ट से आपूर्ति ठप रही। कर्मचारी फाल्ट ठीक करने के लिए जूझते रहे। शहर में सोमवार रात कई घंटे बिजली गुल रही। इनवर्टर भी बैठ गए। लोगों ने जैसे तैसे रात काटी। मंगलवार सुबह जलापूर्ति प्रभावित होने से दैनिक दिनचर्या पर भी असर पड़ा।

अधीक्षण अभियंता नंदलाल ने बताया कि बारिश के कारण ग्रामीण फीडरों पर असर पड़ा है। बिजलीकर्मी सुधार कार्य में लगे हुए हैं। शहर में आपूर्ति सुधार ली गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी फाल्ट सुधरते ही आपूर्ति बहाल हो जाएगी।

अटरिया के कई गांवों में दो दिन से बिजली गुल :

अटरिया में मुख्य बिजली लाइन में बारिश के कारण हुई फाल्ट से गंधौली, मनवा, अटरिया, कुंवरपुर फीडर में आपूर्ति बाधित रही। बिजली बार-बार आती जाती रही। गंधौली के शीतलपुरवा, तेजानापुरवा, शरदहा में आपूर्ति दो दिन बाद भी बहाल नहीं हो सकी। जयपालपुर, अलाईपुर लाइन में फाल्ट से आपूर्ति कई घंटे बाधित रही। कर्मचारी मरम्मत में जुटे थे।

हरगांव में पोल क्षतिग्रस्त होने से आपूर्ति बाधित :

तंबौर में लगातार बारिश ने बिजली आपूर्ति व्यवस्था अस्त-व्यस्त कर दी। एक घंटा भी मुश्किल से बिजली नहीं आ पा रही थी। जेई अनिल सोनकर ने बताया कि कई जगह फाल्ट से आपूर्ति बाधित हो रही है। मरम्मत की जा रही है। हरगांव में ब्लाक कार्यालय के पास बिजली लाइन पर पेड़ की डाल टूट जाने से एक पोल क्षतिग्रस्त होकर गिर गया।

लोकल फाल्ट बने बाधा :

मिश्रिख में कई स्थानों पर बारिश के कारण फाल्ट से आपूर्ति बाधित चल रही है। मिश्रिख टाउन में तो आपूर्ति हो रही है, लेकिन कुतुबनगर, मछरेहटा, फूलपुर झरिया फीडर में आपूर्ति बाधित चल रही है। एसडीओ ज्ञानेश कुमार ने बताया कि कई स्थानों पर फाल्ट है, मरम्मत कार्य चल रहा है, शाम तक आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। रामकोट में बारिश से कई स्थानों पर फाल्ट से जैतीखेड़ा, अरथाना, इंद्रौली फीडर में आपूर्ति प्रभावित रही। कर्मचारी मरम्मत में जुटे रहे। जेई अमित यादव ने बताया कि शाम तक आपूर्ति बहाल हो जाएगी।

सिधौली के 25 गांवों में आपूर्ति रही बाधित :

बिजली लाइनों में फाल्ट से 25 गांवों में आपूर्ति बाधित चल रही है। जेई मोहित यादव ने बताया पोल टूट गए हैं, नए पोल लगाए जा रहे हैं। कुछ गांवों में आपूर्ति बहाल कर दी है। शेष में आपूर्ति बहाली के लिए कार्य चल रहा है।

लाइन में फाल्ट, 40 गांवों में अंधेरा :

बेहटा में लाइन में फाल्ट से 40 से अधिक गांवों की आपूर्ति बाधित चल रही है। रिहार, नरना पकौड़ी, उसिया, हजरतपुर, बेली कुरतहिया, गुड़पुरवा, मुड़िला, सिकरी बेहटा, दतूनी, रजनापुर गांवों में बिजली गायब थी। जेई अनिल सोनकर ने बताया कि फाल्ट की मरम्मत की जा रही है।

chat bot
आपका साथी