मंडी में फर्श पर किसान, विश्राम गृह में 'खास मेहमान'

रात के वक्त बोरों पर सोने को मजबूर किसान विश्राम गृह में दूसरे लोग करते हैं आराम।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 03 Dec 2021 11:51 PM (IST) Updated:Fri, 03 Dec 2021 11:51 PM (IST)
मंडी में फर्श पर किसान, विश्राम गृह में 'खास मेहमान'
मंडी में फर्श पर किसान, विश्राम गृह में 'खास मेहमान'

सीतापुर : गुरुवार रात के नौ बज रहे थे। नवीन गल्ला मंडी में हाट शाखा क्रय केंद्र के पास टिनशेड में फर्श पर रजनीश शुक्ल सो रहे थे। इनका ट्रैक्टर और ट्राली पर लोड धान टिनशेड के पड़ोस में खड़ा था। क्रय केंद्र पर दो पल्लेदार बैठे ठिठुर रहे थे। जगाने पर रजनीश ने बताया कि वह पिसावां के अरथाना के हैं। सुबह सात बजे धान लाए थे। मंडी में क्रय केंद्रों पर भीड़ थी तो वह हाट शाखा आए लेकिन, यहां गुरुवार दिन में सिर्फ दो ट्राली धान तौल हुई। रजनीश ने कहा कि उन्हें विश्राम गृह के बारे में पता नहीं है। इस पर पल्लेदार नंदलाल ने बताया कि विश्राम गृह में वीआइपी रहते हैं, हम जैसे पल्लेदार या किसानों को वहां कहां जगह मिलेगी।

सचिव-गल्ला मंडी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अभी इतनी सर्दी नहीं पड़ रही है कि अलाव की व्यवस्था कराई जाए। विश्राम गृह में किसान ठहरें, वहां प्रवेश पर्ची के संबंध में हमें नहीं मालूम है।

मंडी चेकपोस्ट :

यहां पर कोई कर्मी नहीं था। पड़ोस में गार्ड बनवारी लाल अपने साथी गार्ड व दो तीन पल्लेदार आग ताप रहे थे। खर-पतवार जल चुकी थी। उसमें हल्का धुआं निकल रहा था। गार्ड बनवारी ने बताया कि आप पूरी मंडी घूम लीजिए, कहीं पर भी अलाव की व्यवस्था नहीं है। यदि कुछ स्थानों पर अलाव जलवा दिया जाए तो पल्लेदारों व किसानों को भी रात बिताना आसान हो जाएगा।

हाट शाखा क्रय केंद्र-प्रथम :

रात के 9.30 बज रहे थे। यहां तौल चल रही थी। पीसीएफ क्रय केंद्र पर तौल समाप्त कर पल्लेदार गंतव्य को रवाना हो रहे थे। वहीं, मंडी समिति के क्रय केंद्र पर पंखा से धान साफ किया जा रहा था।

किसान विश्राम गृह :

भवन का गेट अंदर से बंद था। गेट खोलने वाले ने अपना नाम विनय राम और पंप आपरेटर होना बताया। विनय राम इनके साथ दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम विजय तिवारी और सुपरवाइजर होना बताया। विश्राम गृह में तीन कमरे, शौचालय, स्टोर मंडी समिति कार्यालय है। इसमें छह तख्त, दो बेड हैं। गद्दे हैं, मगर रजाई नहीं है। विनय राम ने कहा कि विश्राम गृह में ठहरना है तो पहले मंडी निरीक्षक अनुराग से प्रवेश पर्ची ले आओ।

chat bot
आपका साथी