लखनऊ जेल में मौत, परिवारजन का प्रदर्शन

स्वजन ने जेल के जिम्मेदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांगकर प्रदर्शन भी किया।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 26 Oct 2021 11:16 PM (IST) Updated:Tue, 26 Oct 2021 11:16 PM (IST)
लखनऊ जेल में मौत, परिवारजन का प्रदर्शन
लखनऊ जेल में मौत, परिवारजन का प्रदर्शन

सीतापुर : लखनऊ जेल में बंद बिसवां के जलालनगर निवासी रूपेश पुत्र मेवालाल की मौत की सूचना पर परिवारजन में कोहराम मच गया, जो कि ग्रामीणों के साथ बिसवां कोतवाली पहुंचे। स्वजन ने जेल के जिम्मेदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांगकर प्रदर्शन भी किया। कोतवाली प्रभारी ने उन्हें समझा-बुझाकर लौटा दिया।

जलालनगर निवासी रूपेश के खिलाफ गोसाईगंज थाने में लूट का मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लखनऊ जेल भेजा था। सोमवार की रात रूपेश का शव शौचालय में लटकता मिला। परिवारजन ने हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। गुस्साए परिवारजन ने कोतवाली में प्रदर्शन भी किया। परिवारजन बताया कि 12 अगस्त से रूपेश जेल में बंद था। उसकी पत्नी डाली के नाम जेल प्रशासन का पत्र आया था।

कोतवाली प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि बंदी के परिवारजन आए थे। मुकदमा दर्ज कराने की बात कह रहे थे। मामला लखनऊ का है तो उन्हें वहीं जाने को कहा गया।

10 दिन से लापता किशोर का शव बरामद, हत्या का मुकदमा

सीतापुर : लापता किशोर का शव गांव के बाहर खेत में पड़ा मिला। मृतक के गले में रस्सी लिपटी पाई गई। शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने पड़ताल शुरू की।

किशोर, 10 दिन पहले घर से लापता हुआ था। बजेहरा निवासी 17 वर्षीय लक्ष्मण भार्गव पुत्र मदन भार्गव घर से निकला था। देर तक वापस न आने पर परिवारजन ने उसकी तलाश शुरू की। मंगलवार शाम करीब चार बजे किशोर का शव गांव के पश्चिम कल्यानपुर निवासी प्रकाश के खेत में शव पड़ा मिला। भाई पंकज ने बताया कि मृतक लक्ष्मण को गांव का ही आजाद अपने साथ ले गया था। वह तो वापस आ गया, लेकिन मेरा भाई वापस नहीं आया था।

पंकज का आरोप है कि आजाद ने ही भाई की हत्या कर शव को खेत में फेंक दिया। मृतक के गले में रस्सी बंधी थी। उसकी गला घोटकर हत्या किया जाना प्रतीत हो रहा है। थानाध्यक्ष मो. रफीक ने बताया कि पूर्व में ही केस दर्ज किया गया था। शव मिलने के बाद धारा तरमीम हो जाएगी। आरोपितों को दबोचने का प्रयास किया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी