उप्र में कांग्रेस चौथे-पांचवें नंबर के लिए लड़ेगी : डा. रमन सिंह

नैमिषारण्य में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सीएम भूपेश बघेल पर ली चुटकी। कहा छत्तीसगढ़ संभल नहीं रहा अब उप्र से चुनाव लड़ने की कर रहे तैयारी।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 29 Oct 2021 12:04 AM (IST) Updated:Fri, 29 Oct 2021 12:04 AM (IST)
उप्र में कांग्रेस चौथे-पांचवें नंबर के लिए लड़ेगी : डा. रमन सिंह
उप्र में कांग्रेस चौथे-पांचवें नंबर के लिए लड़ेगी : डा. रमन सिंह

सीतापुर : भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह गुरुवार को नैमिषारण्य आए। पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर शब्द बाण छोड़े।

डा. रमन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से छत्तीसगढ़ तो संभल नहीं रहा है। उन्हें छत्तीसगढ़ की चिता भी नहीं है। लखीमपुर आकर मुख्यमंत्री 50-50 लाख रुपये बांट रहे हैं। आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में पुलिस की गोली से आदिवासियों की मौत होती है लेकिन, मुख्यमंत्री को वहां जाने की फुर्सत नहीं मिलती है।

यूपी में कांग्रेस के लैपटाप और स्कूटी देने के वादे पर भी पूर्व मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के सीएम पर चुटकी ली। उन्होंने कहा कि जिस तरह से वह उत्तर प्रदेश में मदद बांट रहे हैं, उससे यही लगता है कि अगला चुनाव यहीं से लड़ने वाले हैं। कहा कि छत्तीसगढ़ में विकास रुक गया है। लेकिन, उत्तर प्रदेश आकर वह बड़ी-बड़ी बातें करते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भूपेश बघेल जहां भी प्रभारी बनकर जाते हैं, वहां चुनाव हारते हैं। असम के प्रभारी थे, वहां चुनाव हारे। कहा, यूपी में तो कांग्रेस की लड़ाई चौथे और पांचवें नंबर की है।

अंतरराष्ट्रीय फलक पर चमकेगा नैमिषारण्य :

नैमिषारण्य के विकास के सवाल पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जिस तरह से विकास कर रहे हैं, उससे एक दिन नैमिषारण्य भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने में सफल होगा।

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री ने नैमिषारण्य में किया पूजन :

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह सपरिवार नैमिषारण्य तीर्थ पहुंचे और प्रमुख स्थानों पर दर्शन, पूजन किया। निरीक्षण भवन पहुंचने पर भाजपा मंडल अध्यक्ष सतीश शास्त्री ने स्वागत किया। फिर वह ललिता देवी मंदिर गए। पुजारी गोपाल शास्त्री ने दर्शन कराया और मां ललिता देवी का महात्म्य बताया। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री चक्रतीर्थ पहुंचे। यहां पुजारी सचिन पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन कराया। यहां से व्यास गद्दी पहुंचकर दर्शन किया। फिर वह हरदोई के लिए रवाना हो गए। विधायक रामकृष्ण भार्गव, शुभम दीक्षित, भाष्कर मिश्रा, कमलाकांत मिश्रा समेत भाजपा नेता व पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी