भाजपा का चुनावी ट्रेलर.. एक मंच पर दिखी सत्ता

जिलाध्यक्ष दो सांसद और छह विधायकों के साथ मंच पर आईं भाजपा प्रत्याशी

By JagranEdited By: Publish:Fri, 25 Jun 2021 11:56 PM (IST) Updated:Fri, 25 Jun 2021 11:56 PM (IST)
भाजपा का चुनावी ट्रेलर.. एक मंच पर दिखी सत्ता
भाजपा का चुनावी ट्रेलर.. एक मंच पर दिखी सत्ता

सीतापुर : जिपं अध्यक्ष चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। जीतने के लिए जोरआजमाइश जारी है। भाजपा ने भी पूरी ताकत झोंक दी है। शुक्रवार को भाजपा जिलाध्यक्ष अचिन मेहरोत्रा के अलावा सीतापुर और मिश्रिख के सांसद व छह विधायक जिपं अध्यक्ष पद की उम्मीदवार श्रद्धा सागर के साथ एक मंच पर उतरे। इस 'चुनावी ट्रेलर' के जरिये भाजपा ने सबके एक साथ होने का संदेश दिया। यह दिखाया गया कि पार्टी के भीतर अंतर्कलह नहीं है और सब भाजपा प्रत्याशी को जिताने के लिए एकजुट हैं।

भाजपा की प्रेसवार्ता में जिपं अध्यक्ष पद की प्रत्याशी श्रद्धा सागर से गुटबाजी पर सवाल भी पूछा गया। इस पर श्रद्धा ने स्पष्ट किया कि नेताओं में किसी प्रकार की गुटबाजी नहीं है। सभी हमारे साथ हैं। उन्होंने कहा कि वह जिले के विकास को सर्वोपरि रखेंगी। जिलाध्यक्ष अचिन मेहरोत्रा, सांसद राजेश वर्मा, मिश्रिख सांसद अशोक रावत, विधायक ज्ञान तिवारी, रामकृष्ण भार्गव, सुनील वर्मा, शशांक त्रिवेदी, सुरेश राही व महेंद्र सिंह यादव ने भी उम्मीदवार को जिताने की बात कही। जिलाध्यक्ष अचिन मेहरोत्रा ने कहा कि, जनप्रतिनिधि सहित सभी कार्यकर्ता भाजपा उम्मीदवार की जीत के लिए प्रयासरत हैं।

सदर विधायक को नोटिस

जिलाध्यक्ष अचिन मेहरोत्रा ने सदर विधायक की अनुपस्थिति के सवाल पर भी अपना पक्ष रखा। कहा, कि उन्हें पार्टी की ओर से नोटिस जारी की गई है और कार्यक्रमों से दूर रखने के लिए कहा गया है। डीएम न्यायालय में होगा नामांकन, अब तक बिके सात पर्चे

सीतापुर : जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर शनिवार को नामांकन दाखिल किया जाएगा। नामांकन की प्रक्रिया डीएम न्यायालय में पूरी होगी। नामांकन की तैयारियां कर ली गई हैं। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर दावेदारी कर रहे उम्मीदवारों ने भी अपनी तैयारी पूरी कर ली है। नामांकन पत्रों की खरीद की जा चुकी है। जरूरी दस्तावेज भी तैयार करा लिए गए हैं। शनिवार को सुबह 11 से तीन बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। नाम-निर्देशन पत्रों की जांच का काम तीन बजे के बाद शुरू होगा।

29 को नाम वापसी और तीन को मतदान

जिला पंचायत अध्यक्ष पद की नामांकन प्रक्रिया में 29 जून को नाम वापसी की जाएगी। मतदान तीन जुलाई को होगा। मतदान सुबह 11 से तीन बजे तक कराया जाएगा। तीन बजे के बाद मतगणना की जाएगी।

उम्मीदवारों ने खरीदे सात नामांकन पत्र

जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर दावेदारी करने वाले उम्मीदवारों ने अब तक सात नामांकन पत्र खरीदे हैं। जिला निर्वाचन कार्यालय के मुताबिक, भाजपा उम्मीदवार ने तीन व सपा प्रत्याशी ने दो नामांकन पत्र खरीदे हैं। दो अन्य ने भी नामांकन पत्र खरीदा है।

chat bot
आपका साथी