भइया का वसूली नाय करै देहौ.. कल अध्यक्षजी फोन करिन रहय'

जिलाध्यक्ष के फोन का हवाला देकर वसूली कराने का दबाव बनाया

By JagranEdited By: Publish:Sat, 25 Sep 2021 11:54 PM (IST) Updated:Sat, 25 Sep 2021 11:54 PM (IST)
भइया का वसूली नाय करै देहौ.. कल अध्यक्षजी फोन करिन रहय'
भइया का वसूली नाय करै देहौ.. कल अध्यक्षजी फोन करिन रहय'

सीतापुर) :

पहली आवाज : भइया का वसूली नाय करै देहौ.. कल अध्यक्षजी फोन करिन रहय, ऊ के बादौ फोन लगातार आय रहे हैं कि दीपू जायसवाल वसूली नहीं करने दे रहे हैं।

दूसरी आवाज : हां, दादा हमने मना किया है। आदेश हैं कि पार्किंग की वसूली नहीं होगी। हम अपनी रोड पर वसूली नहीं करने देंगे।

पहली आवाज दोबारा : आप रोक लेंगे, मैं अभी खुद आकर बैठूंगा.. ठीक है, आप मुकदमा लिखाओ..। देखौ, जिलाध्यक्ष से बढ़कर कोई तोप नाय होत हय, ई तुम समझ लेओ.. सत्ता पक्ष का जिलाध्यक्ष मायने राखत हय, तुम ऊका थोड़ा सम्मान राखव। सत्ता पक्ष के लोग भी समझेंगे तुमको, किसान यूनियन का रौला दिखाओगे।

सिधौली का यह आडियो इंटरनेट मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। इस आडियो में बातचीत करने वालों में एक सौरभ सिंह केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर का मीडिया प्रभारी तो दूसरा सिधौली के संतनगर पश्चिमी के सभासद प्रतिनिधि दीपू जायसवाल हैं। दोनों के बीच टैक्सी स्टैंड पर वसूली को लेकर बातचीत चल रही है। आडियो में भाजपा नेता टैक्सी स्टैंड पर वसूली न रोकने के लिए बहस कर रहे हैं तो दूसरी तरफ सभासद प्रतिनिधि इसे नियम विरुद्ध बता रहे हैं। इसी को लेकर दोनों में लंबी बहस चलती है, जिसमें सौरभ सिंह सत्ता पक्ष के जिलाध्यक्ष का भी नाम कई बार लेते सुनाई देते हैं। जिलाध्यक्ष अचिन मेहरोत्रा ने बताया कि उन्होंने किसी को फोन नहीं किया। कोई नाम ले तो वह क्या कर सकते हैं।

फेसबुक पर दी सूचना

केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर ने इस आडियो के वायरल होने के बाद मीडिया प्रभारी पद से सौरभ सिंह को हटाने की सूचना फेसबुक पर भी साझा की है।

अवैध वसूली की तत्काल दें सूचना

'मैंने खुद टैक्सी स्टैंडों पर जाकर लोगों से बात की है। टैक्सी मालिकों से कहा है कि अगर कोई अवैध वसूली का दबाव बनाए तो तत्काल सूचित करें। दोषियों के विरुद्ध मुकदमा लिखकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।'

- आलोकमणि त्रिपाठी, इंस्पेक्टर सिधौली

chat bot
आपका साथी