जाम में फंसी एंबुलेंस, प्रसव पीड़ा से बेहाल रही गर्भवती

शहर के लालबाग चौराहे पर बुधवार को रेंगता रहा यातायात जिम्मेदार रहे नदारद।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 20 Oct 2021 11:37 PM (IST) Updated:Wed, 20 Oct 2021 11:37 PM (IST)
जाम में फंसी एंबुलेंस, प्रसव पीड़ा से बेहाल रही गर्भवती
जाम में फंसी एंबुलेंस, प्रसव पीड़ा से बेहाल रही गर्भवती

सीतापुर : शहर के लालबाग चौराहे पर लोगों को जाम से अक्सर जूझना पड़ता है। दरअसल, मुख्य मार्ग होने की वजह से इस मार्ग पर यातायात का दबाव ज्यादा है। बुधवार दोपहर इस मार्ग पर कई बार जाम की स्थिति उत्पन्न हुई। इसमें एंबुलेंस भी फंसी रही, जिसमें गर्भवती करीब आधे घंटे तक प्रसव पीड़ा से कराहती रही। किसी तरह से जब जाम खुला, तब एंबुलेंस निकल सकी। लेकिन, यातायात को नियंत्रित करने वाले नदारद थे।

कैप्टन मनोज पांडेय चौक से नैमिषारण्य की ओर जाने वाले मार्ग पर जाम की स्थिति थी। यही हाल कैप्टन मनोज पांडेय चौक से शाहजहांपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर थी। इस चौराहे से लालबाग जाने वाले मार्ग पर एक ओर वाहनों की लंबी कतार थी। इसका प्रमुख कारण सड़कों पर अतिक्रमण और बेतरतीब दौड़ते ई-रिक्शा हैं। इस दौरान यातायात रेंगता दिखा। चौराहे पर तो यातायात लगभग थम गया। ऐसे में जाम में फंसे लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

सीओ सिटी पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि शहर में बुधवार को जाम की समस्या रही। इस संबंध में टीएसआइ को निर्देशित किया गया है। हर चौराहे पर यातायात पुलिस कर्मियों के साथ होमगार्ड भी तैनात किए जाएंगे।

यहां अक्सर रहती है जाम की समस्या :

शहर के प्रमुख चौराहों पर अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है। कैप्टन मनोज पांडेय चौक के अलावा शहर का प्रमुख लालबाग चौराहा भी अक्सर जाम की जद में रहता है। इसके अलावा जिला अस्पताल चौराहा, ट्रांसपोर्ट, ग्रीकगंज, रोडवेज, घंटाघर और कोट चौराहा पर भी अक्सर जाम लग जाता है।

जाम का कारण बने ई-रिक्शा :

शहर में ई-रिक्शा की भरमार है। इनके बेतरतीब संचालन से चौराहे जाम में उलझ जाते हैं। इनको व्यवस्थित करने के लिए कई बार पुलिस अधिकारियों व यातायात पुलिस ने कोशिश भी की। ई-रिक्शा को लेकर कई बार संचालन के रूट भी बदले व तय किए गए। लेकिन, व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ, जिसकी वजह से अक्सर इन वाहनों से जाम की समस्या पैदा हो जाती है।

chat bot
आपका साथी