50 वर्ष बाद मनिकापुर में प्रधानी चुनाव का उल्लास

निर्विरोध रही मनिकापुर की प्रधानी पर इस बार कई दावेदार

By JagranEdited By: Publish:Wed, 21 Apr 2021 11:29 PM (IST) Updated:Wed, 21 Apr 2021 11:29 PM (IST)
50 वर्ष बाद मनिकापुर में प्रधानी चुनाव का उल्लास
50 वर्ष बाद मनिकापुर में प्रधानी चुनाव का उल्लास

इस्माइल बेग, औरंगाबाद (सीतापुर) : अरे भइया, कहां जाइ रहेउ। आजु तऊ चुनाव निशान मिलि रहा होई। अबकी बार मजा आइ, कई जने चुनाव लड़ि रहे हैं, तऊ लागि रहा कि अपनेउ हिया चुनाव हई। सही कहेउ चच्चा, बहुत दिन बादि यहु मौका आवा हइ। यह बातें मिश्रिख इलाके की ग्राम सभा मनिकापुर में सुनी जा सकती हैं। ग्राम सभा मनिकापुर के मतदाताओं में इस बार एक अलग ही उत्साह है। युवाओं और बुर्जुगों के चेहरों पर चुनाव की चमक साफ देखी जा सकती है। चुनावी चौपालें भी खूब सज रही हैं.. इन सबकी वजह यह है कि इस ग्राम सभा के मतदाता करीब 50 वर्ष बाद प्रधानी के चुनाव में मतदान करेंगे। अब तक ग्राम सभा के प्रधान पद का उम्मीदवार निर्विरोध चुना जाता रहा है। इस बार ग्राम सभा से छह दावेदारों ने प्रधानी का पर्चा भरा है। नामांकन पत्रों की जांच भी हो चुकी है।

ग्राम पंचायत में हैं चार मजरे

ग्राम सभा मनिकापुर में मनिकापुर व तीन अन्य गांव शामिल हैं। समोल, हसनगंज व अखेरवा गांव इस ग्राम सभा में आते हैं। ग्राम सभा के मतदाताओं की संख्या करीब 2400 है और आबादी करीब आठ हजार बताई जा रही है। मनिकापुर गांव में ग्रामीणों की सहूलियत के लिए एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बना है।

..75 वर्ष की उम्र में एक बार दिया प्रधानी का वोट

गांव की कमला का कहना है कि, उनकी उम्र 75 वर्ष हो गई है। प्रधान पद के लिए सिर्फ एक बार ही वोट किया है। इस बार वह मतदान करने सबसे पहले जाएंगी। 80 वर्षीय रामचरन पाल ने बताया कि 1970-71 में प्रधान पद के लिए चुनाव हुआ था। बाद में सीट निर्विरोध होती रही। मतदाता अनुपम पाल में मतदान को लेकर अलग ही उत्साह है। अनुपम पाल ने बताया कि, वह अपने परिवार के सभी मतदाताओं के साथ पोलिग बूथ पर जाएंगे। राममती व माखन भी मतदान के लिए तैयार हैं। इससे पहले प्रधान पद के लिए वोट कब पड़े थे, माखन को यह याद नहीं है।

chat bot
आपका साथी