पुलिस चौकी पर हमले व वाहन तोड़ने पर 20 नामजद, 57 गिरफ्तार

मंगलवार रात कचनार पुलिस चौकी पर हमला वाहनों में भी की थी तोड़फोड़

By JagranEdited By: Publish:Thu, 06 May 2021 01:00 AM (IST) Updated:Thu, 06 May 2021 01:00 AM (IST)
पुलिस चौकी पर हमले व वाहन तोड़ने पर 20 नामजद, 57 गिरफ्तार
पुलिस चौकी पर हमले व वाहन तोड़ने पर 20 नामजद, 57 गिरफ्तार

सीतापुर : मंगलवार रात कोतवाली देहात क्षेत्र के कचनार में जिला पंचायत वार्ड-28 के प्रत्याशी रामू यादव उर्फ माठा व उसके समर्थकों ने जमकर उपद्रव किया। गोला मार्ग जाम कर दिया। पथराव कर पुलिस के वाहन तोड़ डाले। कचनार पुलिस चौकी पर भी हमला बोला। इस मामले में पुलिस ने 20 को नामजद किया है जबकि 60 अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। इसमें से पुलिस 19 नामजद समेत कुल 57 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली देहात प्रभारी निरीक्षक ओपी तिवारी ने बताया, उपद्रवियों ने कचनार पुलिस चौकी पर हमला नहीं किया है। हां, पीआरवी और चौकी पर खड़े कुछ अन्य वाहन जरूर तोड़ डाले हैं। उन्होंने कहा, नामजद अभियुक्तों में सिर्फ मुख्य आरोपित जिला पंचायत सदस्य पद का प्रत्याशी रामू यादव उर्फ माठा फरार है, इसमें पकड़ने के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

यह है पूरा मामला

मुकदमा कचनार पुलिस चौकी प्रभारी शेषनाथ सिंह ने लिखाया है। तहरीर में कहा है कि मंगलवार रात वह कस्बे में ड्यूटी पर थे। रात के 8.25 बजे के दौरान जिला पंचायत वार्ड-28 के निर्दलीय प्रत्याशी रामू यादव उर्फ माठा करीब 100 समर्थकों के साथ आ गए। ये लोग ब्लॉक पर जाने की जिद करने लगे। भीड़ लेकर न जाने को इन्हें समझाया, पर नहीं माने और गोला मार्ग को जाम कर दिया। तभी पीआरवी आ गई। स्थिति देख कचनार चौकी प्रभारी ने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात व डेल्टा कंट्रोल को खबर की। इसी बीच उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। यूपी डायल-112 और कचनार चौकी पर खड़े अन्य वाहन तोड़ डाले। पूरा महौल अफरा-तफरी का हो गया। पुलिस ने इस घटना की वीडियो ग्राफी भी कराई है। खबर पाकर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात ओपी तिवारी, थानाध्यक्ष इमलिया सुल्तानपुर करुणेश सिंह व महोली कोतवाल संजय पांडेय पहुंचे। घेरा बनाकर पुलिस ने 19 उपद्रवियों को मौके से हिरासत में लिया, जबकि मुख्य आरोपित प्रत्याशी रामू यादव उर्फ माठा कई साथियों के साथ मौके से भाग निकला।

ये लोग हुए नामजद

रामू यादव उर्फ माठा, सरोज, ओम प्रकाश, रामपाल, दिनेश, महिपाल, मनोज, शम्स अहमद, सिराज, एजाज अहमद, मुकीम, मुहम्मद जुबेर, रियाज, अफसर अली, मुहम्मद जुनैद, अरशद, रामकिशन यादव, अब्दुल रहमान, इलियास व रामू। 50-60 अज्ञात में हैं।

chat bot
आपका साथी