चीनी महिला की गिरफ्तारी से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

भारत-नेपाल के बढ़नी सीमा पर बुधवार की रात एसएसबी ने एक चीनी महिला को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के बाद महिला एवं उसके भारतीय पति को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 02 Dec 2021 10:52 PM (IST) Updated:Thu, 02 Dec 2021 10:52 PM (IST)
चीनी महिला की गिरफ्तारी से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
चीनी महिला की गिरफ्तारी से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

सिद्धार्थनगर: भारत-नेपाल के बढ़नी सीमा पर बुधवार की रात एसएसबी ने एक चीनी महिला को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के बाद महिला एवं उसके भारतीय पति को गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। सुरक्षा से जुड़ी एजेंसिया दोनों से पूछताछ में जुटी हुई हैं। तलाशी के दौरान महिला के पास से चीनी पासपोर्ट, भारतीय जन्म प्रमाण पत्र, विदेशी मुद्रा के साथ कई अन्य दस्तावेज भी बरामद किया गया है। गिरफ्तारी को देखते हुए सीमा पर चौकसी और बढ़ी दी गई है। बुधवार को पकड़ी गई महिला को बढ़नी पुलिस ने यह कहकर नेपाल पुलिस को सौंपने की कोशिश किया कि, वह रास्ता भटक कर सीमा में चली आई है। नेपाल पुलिस के इन्कार के बाद महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

बुधवार की रात करीब सात बजे एसएसबी 50वीं बटालियन के बढ़नी बीओपी के जवानों ने चेक पोस्ट पर सीमा पार कर देश की सीमा में घुस आई चीनी महिला के साथ एक भारतीय युवक को गिरफ्तार किया था। महिला ने अपनी पहचान चीन के सिचुआन प्रांत की रहने वाली झाओ झुआंग के रूप में दिया था। उसके साथ पकड़े गए युवक की पहचान सुल्तानपुर जनपद के दुर्गा प्रसाद मौर्या के तौर पर हुई थी। महिला के पास चीन के सिचुआन प्रांत का पासपोर्ट और उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले से अंजलि मौर्या के नाम से जारी जन्म प्रमाण पत्र भी बरामद हुआ। देर रात को एसएसबी व स्थानीय पुलिस पकड़े गए महिला को नेपाल के कृष्णानगर थाने में पुलिस के हवाले करने गए थी। नेपाली पुलिस अधिकारियों ने उसे लेने से इन्कार कर दिया था। इसके पश्चात भारतीय सुरक्षा एजेंसियों ने उसे अपने पास रखते हुए घटनाक्रम से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। पूछताछ में दुर्गा प्रसाद मौर्य ने बताया कि वह इसके पूर्व काठमांडू नेपाल स्थित एक लड़की से शादी कर चुका है। चीनी महिला के साथ फेसबुक के माध्यम से जुड़कर कई बार इससे पैसा ऐठ चुका है। पकड़ी गई 43 वर्षीय चीनी महिला पेशे से दंत चिकित्सक है। तलाशी के दौरान उसके पास से 40 अमेरिकी डालर,सौ रुपये भारतीय मुद्रा, थाईलैंड की मुद्रा बाथ, नेपाली एवं दो मोबाइल फोन बरामद हुए। वहीं युवक के पास से सुल्तानपुर जनपद का आधार, एटीएम कार्ड, दो मोबाइल फोन एवं नेपाली व भारतीय रुपये मिला है। बढ़नी चौकी इंचार्ज बृजेश सिंह ने बताया कि महिला के खिलाफ 14ए विदेशी अधिनियम तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएसबी के बीओपी इंचार्ज इंस्पेक्टर इंदर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार युगल को पुलिस को सौंप दिया गया है। बार्डर पर तैनात खुफिया एजेंसियों से जुड़े अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं।

एसपी डा. यशवीर सिंह ने कहा कि चीनी महिला ने बिना वैध पासपोर्ट के भारतीय सीमा में प्रवेश किया था। उसे पकड़ा गया है। विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जा रहा है।

chat bot
आपका साथी