सड़क बदहाल, जल निकासी की भी सुविधा नहीं

बिस्कोहर नगर पंचायत के फूलपुर राजा में मूलभूत सुविधाएं नागरिकों की पहुंच से दूर हैं। शहर का दर्जा मिलने के बाद भी विकास अभी कोसों दूर है। सड़क बदहाल है तो जल निकासी की भी सुविधा नहीं है। जिसका खामियाजा नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 23 Sep 2021 12:22 AM (IST) Updated:Thu, 23 Sep 2021 12:22 AM (IST)
सड़क बदहाल, जल निकासी की भी सुविधा नहीं
सड़क बदहाल, जल निकासी की भी सुविधा नहीं

सिद्धार्थनगर : बिस्कोहर नगर पंचायत के फूलपुर राजा में मूलभूत सुविधाएं नागरिकों की पहुंच से दूर हैं। शहर का दर्जा मिलने के बाद भी विकास अभी कोसों दूर है। सड़क बदहाल है तो जल निकासी की भी सुविधा नहीं है। जिसका खामियाजा नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है।

करीब 1500 आबादी वाला फूलपुर राजा गांव डेढ़ साल पहले नगर पालिका में शामिल हो गया, लेकिन अभी तक कोई बदलाव नहीं आया। आसपास के दर्जन भर गांवों को जोड़ने वाले यहां के प्रमुख मार्ग की स्थिति बदतर बनी हुई है। सड़क के बीच गंदा पानी जमा रहता है तो सड़क किनारे कीचड़ की समस्या सभी के लिए मुसीबत पैदा करती है। नाली की व्यवस्था न होने से सारा पानी मुख्य मार्ग के गड्ढे में आकर एकत्रित होता है। यहां मुख्य संपर्क बिस्कोहर नगर मुख्यालय, इटवा तहसील मुख्यालय व बलरामपुर जनपद को भी जोड़ता है। इसके बाद भी इसकी स्थिति सुधारने की दिशा में जिम्मेदार कोई गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।

गांव के महबूब आलम का कहना है कि जब ग्राम पंचायत थी तो भी सड़क, नाली निर्माण की दिशा में कार्य नहीं हुए और अब टाउन बन गया तो भी ये समस्या जस की तस बनी हुई है। अतीकुर्रहमान व अली हुसैन ने कहा कि सड़क निर्माण कराने के साथ जल निकासी की सुविधा हो जाए तो काफी हद तक विकास दिखाई देने लगे। राजेश, लालू, मनोज, रितेश आदि ने नगर पंचायत प्रशासन से उचित कदम उठाए जाने की मांग की है।

इस संबंध में नगर पंचायत बिस्कोहर के अधिशासी अधिकारी विंध्याचल प्रसाद ने कहा कि मौके पर जाकर स्थिति का पता लगाते हैं। फिर जेई के माध्यम से सड़क व नाली निर्माण के लिए इस्टीमेट बनवाया जाएगा। थोड़ा समय लग सकता है, पर समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।

chat bot
आपका साथी