भाजपा प्रत्याशी की घोषणा के बाद बढ़ी सरगर्मी

जिला पंचायत अध्यक्ष कुर्सी पर लड़ाई आमने-सामने की होगी। मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी के नाम की घोषणा हुई। भाजपा ने शीतल सिंह व सपा ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पूजा यादव को प्रत्याशी घोषित किया है। जिला पंचायत के 45 सीट पर सर्वाधिक 16 समाजवादी हैं तो भाजपा के महज नौ सदस्य हैं।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 23 Jun 2021 12:01 AM (IST) Updated:Wed, 23 Jun 2021 12:01 AM (IST)
भाजपा प्रत्याशी की घोषणा के बाद बढ़ी सरगर्मी
भाजपा प्रत्याशी की घोषणा के बाद बढ़ी सरगर्मी

सिद्धार्थनगर : जिला पंचायत अध्यक्ष कुर्सी पर लड़ाई आमने-सामने की होगी। मंगलवार को भाजपा प्रत्याशी के नाम की घोषणा हुई। भाजपा ने शीतल सिंह व सपा ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पूजा यादव को प्रत्याशी घोषित किया है। जिला पंचायत के 45 सीट पर सर्वाधिक 16 समाजवादी हैं तो भाजपा के महज नौ सदस्य हैं। सत्ता बनाने के लिए खरीद-फरोख्त की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता है। अध्यक्ष पद पर विजय प्राप्त करने के लिए 24 सदस्यों का समर्थन जरूरी है।

इनकी है दावेदारी

सपा ने एक बार फिर से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष व वार्ड नंबर 17 से विजय प्राप्त कर तीसरी बार सदन में पहुंची पूजा चिनकू यादव पर दांव खेला है। नाम घोषित होने के साथ ही सपाइयों का जनसंपर्क अभियान तेज हो गया। पूजा यादव के पति रामकुमार उर्फ चिनकू यादव का जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर दबदबा रहा है। 2010 में पहले पत्नी पूजा को अध्यक्ष बनाया। 2015 में अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित होने पर अपने करीबी गरीब दास को कुर्सी पर बैठा दिया। इनके समर्थकों का दावा है कि इस बार सदन में 16 सदस्य सपा के हैं। इनके अलावा कांग्रेस, बसपा व निर्दल सदस्यों के समर्थन से जीत पक्की है।

जिला पंचायत के वार्ड नंबर 32 से भाजपा समर्थित प्रत्याशी शीतल सिंह निर्विरोध निर्वाचित हुई। पहली बार चुनावी मैदान में उतरी। जिसकी रणनीति पति उपेंद्र सिंह ने तैयार की थी। शीतल सिंह के समर्थन में सपा व बसपा समर्थित समेत आठ लोगों ने नामांकन वापस लिया था। बस्ती के एक कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री के कभी करीबी रहे शीतल सिंह के पति ने राजनीति में पहला कदम रखा। भाजपा ने उपेंद्र सिंह की पत्‍‌नी शीतल को अपना प्रत्याशी बनाया है।

जिपं अध्यक्ष चुनाव की सारिणी

नामांकन- 26 जून

नामांकन प्रपत्र की जांच- 26 जून (तीन बजे से कार्य समाप्ति)

नाम वापसी- 29 जून

मतदान- 3 जुलाई

मतगणना- 3 जुलाई (तीन बजे से कार्य समाप्ति)।

जिपं अध्यक्ष पद के लिए शीतल सिंह होगी भाजपा प्रत्याशी

सिद्धार्थनगर : जिलाध्यक्ष भाजपा गोविद माधव ने मंगलवार शाम जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर पार्टी के प्रत्याशी के नाम की घोषणा की। वार्ड नंबर 32 से निर्विरोध निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य शीतल सिंह के नाम की घोषणा की।

उन्होंने जिला कार्यालय पर हुई पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रदेश में जिला पंचायत सदस्य पद पर एकमात्र प्रत्याशी शीतल सिंह निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। इनकी लोकप्रियता को देखते हुए शीर्ष नेतृत्व ने प्रत्याशी बनाया है। कोरोना संक्रमण काल में केंद्र व प्रदेश सरकार ने कई जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की। सभी क्षेत्रों में विकास हुआ। इसी प्रकार जिला पंचायत में भी विकास कार्य किए जाएंगे। शीतल सिंह के पति उपेंद्र सिंह को पुष्प भेंट किया। विपिन सिंह, कन्हैया पासवान, दयाराम लोधी, फतेह बहादुर सिंह, अजय उपाध्याय, अर्चिष्मान मिश्रा, अविनाश सिंह, महेश वर्मा आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी