भूसा न पानी, गोशाला की यही कहानी

बढ़नी मिल कालोनी में बने अस्थाई गोशाला में गोवंशीय बीमार हैं। कुछ मरने के कगार पर हैं। न भूसा है न पानी है। उपचार भी नहीं कराया जा रहा है। ऐसा जिम्मेदारों की लापरवाही के कारण है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 27 Jul 2021 12:13 AM (IST) Updated:Tue, 27 Jul 2021 12:13 AM (IST)
भूसा न पानी, गोशाला की यही कहानी
भूसा न पानी, गोशाला की यही कहानी

सिद्धार्थनगर : बढ़नी मिल कालोनी में बने अस्थाई गोशाला में गोवंशीय बीमार हैं। कुछ मरने के कगार पर हैं। न भूसा है न पानी है। उपचार भी नहीं कराया जा रहा है। ऐसा जिम्मेदारों की लापरवाही के कारण है।

मिल कालोनी स्थित गौशाला में तीन पशु बीमार मिले।पशुओं को खाने के लिए हरा चारा नहीं मिला। खाने योग्य भूसे का भी इंतजाम नहीं है। गोशाला में कुल 54 गोवंशी हैं। पशुओं को खाने के लिए सिर्फ दो नाद है जो हमेशा खाली रहता है। गोपालक सुरेंद्र ने बताया कि पशुओं को खाने के लिए भूसे की कमी की बात एसडीएम को अवगत कराया गया है। आश्वासन मिला है कि जल्द भूसे का इंतजाम हो जाएगा। गोशाला में नाद की जगह नगर पंचायत द्वारा स्वच्छ भारत मिशन की डस्टबिन नाद के रूप में प्रयोग किया जा रहा है। जो पशुओं के सापेक्ष नाकाफी है। आसपास रहने वाले प्रताप पांडेय सीवानी पांडेय, ध्यान चंद भारती ने बताया कि पशुओं को यहां रखने से बेहतर है कि इन्हें छोड़ दिया जाए। जिससे यह घूम कर घास-फूस आदि चरकर अपना पेट भर सकें। यहां तो पशुओं के लिए पानी की भी व्यवस्था नहीं है। आए दिन गायों की मौंत होती है। जिसे देखकर काफी कष्ट होता है। नगर पंचायत अध्यक्ष निसार अहमद बागी ने कहा कि गोशाला में गोवंश को खाने का इंतजाम पुख्ता है। भूसा आदि खत्म हो गया है तो मैं खुद जांच कर तत्काल व्यवस्था करा दूंगा। इनकी नियमित जांच कराई जा रही है। मंदिर जा रहे व्यक्ति को पीटा

इटवा : त्रिलोकपुर थानांतर्गत ग्राम महतिनिया खुर्द निवासी रामवृक्ष ने इटवा थाने में मारने-पीटने संबंधित तहरीर दी है। पीड़ित ने कहा कि सोमवार को वह अपने गांव से कटेश्वरनाथ मंदिर जल चढ़ाने जा रहे थे। बदलिया और नवेलवा के बीच उनके गांव के ही एक व्यक्ति रास्ता रोक कर पीछे चलने को कहा। न चलने पर गाली देते जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उनकी पिटाई कर दी। कई जगह गंभीर चोटें आईं। तहरीर में आरोपित के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई।

-

कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष बने ओम प्रकाश

इटवा : वरिष्ठ विज्ञानी डा. ओम प्रकाश वर्मा को कृषि विज्ञान केंद्र सोहना का अध्यक्ष बनाया गया है। जो अपना कार्यभार ग्रहण कर लिए हैं। डा. ओपी वर्मा इससे पहले कृषि विज्ञान केंद्र मनकापुर, गोंडा में वरिष्ठ विज्ञानी एवं अध्यक्ष पद पर कार्यरत थे। ये पशुपालन के क्षेत्र में विशेषज्ञता रखते हैं। एक कुशल शिक्षक, प्रतिष्ठित वैज्ञानिक के रूप में 1988 से आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, कुमारगंज अयोध्या में विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं। इससे पहले यहां डा. एलसी वर्मा इस पद पर कार्यरत थे, जिनका स्थानांतरण कृषि विज्ञान केंद्र पिलखी, जनपद मऊ के लिए हो गया है।

-

गिरफ्तारी को लेकर उच्चाधिकारियों को पत्र

इटवा : थानांतर्गत ग्राम अकोल्हिया में पिछले दिनों हुई मारपीट में कई लोग घायल हो गए थे।। किसी का पैर टूट गया तो चार का सिर फट गया। गोलबंद होकर जानलेवा हमला किया गया। पुलिस ने धर्मेंद्र कुमार की तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया। परंतु एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी इस मामले में गिरफ्तारी नहीं हो रही है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि लगातार जान से मारने की धमकी विपक्षियों की ओर से दी जा रही है। इस संबंध में धर्मेंद्र कुमार ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक समेत डीआइजी व आईजी को भेजे शिकायती पत्र में जान-माल सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीड़ित ने कहा कि अगर आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं की जाती है तो विपक्षी गांव में कभी भी माहौल को बिगाड़ सकते हैं। निरंतर उनकी तरफ से धमकी मिल रही है। ऐसे में निष्पक्ष जांच कराकर उचित कार्रवाई की मांग की गई है।

chat bot
आपका साथी