सड़कों के चौड़ीकरण की कवायद अधूरी

प्रदेश सरकार की स्मार्ट सिटी परियोजना पर ग्रहण लग गया है। अन्य शहरों की तरह यहां भी सड़कों का चौड़ीकरण कर सुंदरीकरण होना था लेकिन कवायद अधूरी रह गई। शहर के बीच में एक सौ दस फिट की सड़क सिकुड़कर करीब साठ फिट रह गई है लेकिन नगर पालिका प्रशासन अतिक्रमण और अवैध कब्जा को हटवा नहीं पा रहा।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 19 Oct 2021 11:41 PM (IST) Updated:Tue, 19 Oct 2021 11:41 PM (IST)
सड़कों के चौड़ीकरण की कवायद अधूरी
सड़कों के चौड़ीकरण की कवायद अधूरी

सिद्धार्थनगर : प्रदेश सरकार की स्मार्ट सिटी परियोजना पर ग्रहण लग गया है। अन्य शहरों की तरह यहां भी सड़कों का चौड़ीकरण कर सुंदरीकरण होना था, लेकिन कवायद अधूरी रह गई। शहर के बीच में एक सौ दस फिट की सड़क सिकुड़कर करीब साठ फिट रह गई है, लेकिन नगर पालिका प्रशासन अतिक्रमण और अवैध कब्जा को हटवा नहीं पा रहा। इससे कार्य बाधित हो रहा है और राहगीरों को जाम से मुसीबत झेलनी पड़ रही है।

शहर में तीन सौ से अधिक लोगों ने सरकारी संपत्ति पर कब्जा जमाए हैं। इन्हें हटाना प्रशासन के लिए मुसीबत भरा काम है। सड़कों पर दोनों तरफ बीस-बीस फिट अतिक्रमण कर लिया गया है। कुछ लोगों ने मकान भी बना लिए हैं। ऐसे लोगों पर पालिका प्रशासन की तरफ से नोटिस का भी कोई मतलब नहीं रह गया है। हाइडिल तिराहा हो या सबसे पुरानी बाजार कपड़े वाली गली। लोगों ने नालियों पर पक्का निर्माण कर रखा है। जिससे जलनिकासी भी बाधित होने लगी है। नाला गंदगी से पट गए हैं। नगर के सिद्धार्थ तिराहा के पास पैदल चलना दूभर है। यहां कुछ दूरी तक सड़क ने गली का स्वरूप ले लिया है। नाला पर दुकानें लगती है। हाइडिल तिराहा से बांसी तिराहा सड़क का सुंदरीकरण के प्रस्ताव को बोर्ड ने मंजूरी दी है। टेंडर भी हो गया है। रोड के बीच में डिवाइडर बनाने के साथ स्ट्रीट लाइट लगाया जाना है। लेकिन इस परियोजना की गति को अतिक्रमण ने रोक दिया है। दो माह से सड़क के किनारे गिट्टी डाल कर छोड़ दी गई है। वहीं हाइडिल तिराहा से ड्रेनेज खंड तक बने नाला पर लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। जिससे पानी नहीं निकल पा रहा है। कई मोहल्लों में जलजमाव की समस्या खड़ी हो गई है। विकास भवन के सामने महनगा रोड पर सड़क जर्जर है। इस पर चलना भी खतरे से खाली नहीं है। खजुरिया रोड, सनई, साड़ी तिराहा, परसा महापात्र, महनगा रोड पर भी लोगों ने सड़क की पटरी पर अतिक्रमण कर रखा है।

मानस सहाय ने कहा कि सिविल लाइन के पास रोड की पटरी पर लोग दुकान लगा रहे हैं। पैदल भी चलना मुश्किल हो गया है। यहां का नाला अतिक्रमण के कारण अपना अस्तित्व खो दिया है। बारिश के दिनों में जलजमाव की समस्या से लोगों को जूझना पड़ता है। सरताज अहमद ने बताया की आर्यनगर वार्ड में गंदगी का अंबार है। जलनिकासी की समस्या से निजात नहीं मिल रही है। वार्ड में बनी नालियों पर कुछ लोगों ने पक्का निर्माण कर लिया है, जिससे पानी की निकासी अवरुद्ध हो रही है। नपा को इस समस्या का अतिशीघ्र समाधान करना चाहिए। दीपक ने कहा कि नगर का कायाकल्प होना चाहिए। अगर किसी ने अतिक्रमण कर रखा है तो उसे हटाया जाए। नगर में चौड़ी सड़क व स्ट्रीट लाइट लगने से रौनक बढ़ जाएगी। अनूपनगर वार्ड में बनी नालियां भी अस्तित्व खो दी है। इसपर हुए अवैध निर्माण को हटाया जाए।

राजेश यादव ने कहा कि नगर को साफ-सुथरा व स्वच्छ होना चाहिए। इसके लिए नगर पालिका के साथ सभी वर्ग के लोगों को आगे आना होगा। अगर किसी ने सड़क पर निर्माण किया है तो उसे वह खुद हटाने का काम करे। यह सभी का सामाजिक दायित्व है। नगर पालिका अध्यक्ष श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी शहर को स्मार्ट सिटी बनाने का निर्णय लिया है। उनके इस स्वप्न को पूरा किया जाएगा। कुछ बाधाएं आ रही हैं, उसे दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। शहर की नियमित सफाई हो रही है। नाला पर हुए अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान संचालित किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी