चहुंओर गूंजा श्रीराम का जयघोष, बांटी मिठाई
अयोध्या में श्रीराम मंदिर का शिलान्यास होते ही जिले में गांव से लेकर शहर तक उत्साह का माहौल दिखा। आतिशबाजी कर लोगों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाई।
सिद्धार्थनगर : अयोध्या में श्रीराम मंदिर का शिलान्यास होते ही जिले में गांव से लेकर शहर तक उत्साह का माहौल दिखा। आतिशबाजी कर लोगों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाई। कार्यक्रम के लाइव प्रसारण से लोग चिपके रहे। जगह-जगह सुंदर कांड का पाठ और धार्मिक अनुष्ठान हुए। शाम को घरों में महिलाओं ने मंगलगीत गाकर खुशियां बांटी। घरों पर दीप जलाकर उत्सव मनाया।
शहर के सिहेश्वरी मंदिर पर उत्साह देखते ही बनता था। पूरे मंदिर को सजाया गया था। अनूप नगर, थरौली, कृष्णानगर, बुद्धनगर, पूरब पड़ाव, सिविल लाइन आदि स्थानों पर लोगों में उल्लास दिखा। डुमरियागंज मंदिर तिराहे पर भगवान श्रीराम का आदमकद चित्र लगाकर सुंदरकांड का पाठ किया गया। लोगों ने चित्र पर फूल माला चढ़ाकर शीश नवाया। डुमरियागंज विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह भी शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्री राम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कहा कि वर्षों की तपस्या आज जा कर पूरी हुई है। अयोध्या में राममंदिर का सपना हर भारतीय का था प्रधानमंत्री की मौजूदगी में यह स्वप्न साकार हुआ इसकी हार्दिक प्रसन्नता है। लोगों में प्रसाद भी वितरित किया गया। व्यापारी, गणमान्य नागरिक व सांसद कार्यालय प्रभारी कमलेश चौरसिया आदि शामिल हुए। भड़रिया गांव में श्रद्धालु ब्रास बैंड की धुन पर नाचते गाते और मिठाई बांटते नजर आए। बढ़नीचाफा में व्यापारियों ने 21 किलो लड्डू का भोग भगवान को लगाते हुए प्रसाद वितरण किया। औराताल, बेवां, भनवापुर, मन्नीजोत व धोबहां क्षेत्रों में भी लोगों ने एक दूसरे का मुंह मीठा कराया। लोटन के सिकरी, ठोठरी, सेमरहना आदि जगहों पर खुशी जाहिर की गई। बनियाडीह चौराहे पर भोला वर्मा,सोनू वर्मा ने में सवा क्विटल लड्डू लोगों में वितरित किए। उदयपुर कस्बे में समाजिक कार्यकर्ता व हिन्दू नेता रवि जायसवाल के नेतृत्व में लोगों ने आतिशबाजी की। बांसी, बर्डपुर आदि क्षेत्रों में भी उल्लास रहा। लोगों ने कई स्थानों पर मिठाई वितरित कर खुशी का इजहार किया।