कृषि सुधार विधेयक के बारे में जन-जन को बताएं कार्यकर्ता

भाजपा के वेबिनार में हुई चर्चा पंडित दीन दयाल उपाध्याय के व्यक्तित्व पर भी हुई बातचीत

By JagranEdited By: Publish:Mon, 28 Sep 2020 09:38 PM (IST) Updated:Tue, 29 Sep 2020 05:11 AM (IST)
कृषि सुधार विधेयक के बारे में जन-जन को बताएं कार्यकर्ता
कृषि सुधार विधेयक के बारे में जन-जन को बताएं कार्यकर्ता

संसू, श्रावस्ती : आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत पं. दीन दयाल उपाध्याय के व्यक्तित्व पर चर्चा व कृषि सुधार विधेयक के बारे में कार्यकर्ताओं को जानकारी देने के लिए भारतीय जनता पार्टी की ओर से वेबिनार का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संजय कैराती ने की। उन्होंने जन-जन तक विधेयक की खूबियों को पहुंचाने की अपील कार्यकर्ताओं से की।

मुख्य वक्ता प्रदेश मंत्री देवेश कुमार ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय के व्यक्तित्व पर चर्चा की। जनसंघ की स्थापना के उद्देश्य कार्यकर्ताओं को बताए। कृषि सुधार विधेयक पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि भारत के इतिहास में पहली बार किसानों के उत्थान व उन्हें आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने वाला सबसे महत्वपूर्ण विधेयक है। अब किसान अपनी उपज बेचने के लिए मंडी के बिचौलियों के चंगुल में नहीं फंसेंगे। देश की किसी भी मंडी में किसान अपनी शर्तों पर अपना अनाज बेच सकते हैं। एक देश, एक बाजार के आधार पर किसानों को पुरानी बंदिशों से आजादी देने वाला विधेयक है। किसान यदि किसी कंपनी से अनुबंध करता है तो उसमें अनुबंध सिर्फ फसल का होगा भूमि का नहीं। फसल का बीमा कराना, फसल की सुरक्षा व जोखिम कंपनी की होगी, किसान की नहीं। जब चाहे किसान अनुबंध समाप्त कर सकता है। यह अधिकार किसानों के पास सुरक्षित रहेगा। केंद्र सरकार किसानों के हितों के लिए तत्पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसान हित को सबसे ऊपर रखकर काम करते हैं। यह जानकारियां जन-जन तक पहुंचाएं। वेबिनार का संचालन जिला महामंत्री दिवाकर शुक्ला ने किया। इनसेट

आज आएंगी प्रदेश महामंत्री

श्रावस्ती : भाजपा जिलाध्यक्ष संजय कैराती ने बताया कि संगठन की प्रदेश महामंत्री पूर्व सांसद प्रियंका रावत मंगलवार को श्रावस्ती पहुंचेंगी। सुबह 10 बजे कटरा पहुंचने के बाद वे श्रावस्ती विधानसभा क्षेत्र के पांचों मंडल में मंडल प्रवास कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी। कटरा स्थित श्वेतांबर मंदिर में वे इकौना व श्रावस्ती मंडल के मंडल अध्यक्ष, सेक्टर संयोजक व सेक्टर प्रभारी के साथ बैठक कर सांगठनिक चर्चा करेंगी। गिलौला के लक्षमननगर व हरदत्तनगर गिरंट मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक में भी वे शामिल होंगी।

chat bot
आपका साथी