कचरा जलाने के विवाद में पीट कर महिला की हत्या

पति-पत्नी पर हत्या का मुकदमा दर्ज आरोपित फरार इलाज के दौरान अस्पताल में हुई मौत पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

By JagranEdited By: Publish:Fri, 16 Apr 2021 11:36 PM (IST) Updated:Fri, 16 Apr 2021 11:36 PM (IST)
कचरा जलाने के विवाद में पीट कर महिला की हत्या
कचरा जलाने के विवाद में पीट कर महिला की हत्या

श्रावस्ती : इकौना थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मनोहरापुर के गोबारि गांव में घर के सामने कचरा जलाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। दबंगों ने महिला पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से चोटिल महिला की इलाज के दौरान इकौना सीएचसी में मौत हो गई। घटना की तहरीर थाने में दी गई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

थाना क्षेत्र के मनोहरापुर गांव के पूर्वी गोबारि में दिनेश कुमार शुक्ला की पत्नी धामा शुक्रवार को अपने घर के आसपास साफ-सफाई कर करकट एकत्र किया। इसके बाद उन्होंने कचरा नष्ट करने के लिए उसे जला दिया। इससे नाराज होकर पड़ोसी पारसनाथ शुक्ला व उनकी पत्नी राजपता शुक्ला ने गाली-गलौज शुरू कर दिया। महिला ने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। जमीन पर गिरा कर महिला की जमकर पिटाई की। इससे वह बेहोश हो गईं। परिवार के लोगों ने एंबुलेंस की मदद से धामा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना पहुंचाया। यहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना थाने में दी गई। पुलिस ने अस्पताल से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पुत्र अमन शुक्ला की तहरीर पर पारसनाथ व उनकी पत्नी राजपता के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र पांडेय ने बताया कि बेटे की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। दोनों आरोपित फरार हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

chat bot
आपका साथी