बिना भेदभाव बेटियों को पढ़ाकर आगे बढ़ाएं

मिशन शक्ति कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं व बेटियों को किया गया जागरूक

By JagranEdited By: Publish:Thu, 22 Oct 2020 11:04 PM (IST) Updated:Thu, 22 Oct 2020 11:04 PM (IST)
बिना भेदभाव बेटियों को पढ़ाकर आगे बढ़ाएं
बिना भेदभाव बेटियों को पढ़ाकर आगे बढ़ाएं

जासं, श्रावस्ती : मिशन शक्ति अभियान के तहत सिरसिया ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय रनियापुर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें महिलाओं व बालिकाओं को मिशन शक्ति के प्रति जागरूक किया गया। उनके अधिकारों व कर्तव्यों के बारे में जानकारी दी गई।

डीएम टीके शिबु ने कहा कि सृष्टि के रचयिता भी किसी के साथ भेदभाव नहीं किए थे, इसलिए हम लोगों को भी बेटे व बेटियों में कोई भेदभाव करने का हक नहीं है। बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से पीछे नहीं हैं। जरूरत इस बात की है कि हम बिना भेदभाव के अपनी बेटियों को भी बेटों की तरह पढ़ा-लिखाकर आगे बढ़ाएं, ताकि वे अपने पैरों पर खड़ी होकर अपने परिवार समाज, गांव, मुहल्ला व जिले का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने कहा कि जिले में बाल विवाह परंपरा खत्म की जानी चाहिए, इसके लिए सभी का सहयोग अपेक्षित है, यदि कोई भी अपनी बेटी का बाल विवाह करेगा तो निश्चित ही उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। एसपी अरविद कुमार मौर्य ने कहा कि पूरे जिले में विशेष अभियान चलाकर महिला व बालिका अपराधों पर अंकुश लगाया जाएगा। महिलाओं व बालिकाओं को अपनी बात कहने में कोई दिक्कत न हो। इसके लिए सभी थानों में महिला हैल्प लाइन स्थापित होगी। रोमियों स्क्वायड व अन्य पुलिस कर्मी महिला अपराध नियंत्रण में अपनी अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने महिलाओं व बालिकाओं के लिए 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 ओमेन पावर लाइन, 1076 मुख्य मंत्री हेल्पलाइन, 112 पुलिस अपातकालीन सेवा, 1098 का संचालन कर रही है यदि उन्हें कोई समस्या है तो वे बेझिझक बताएं, निश्चित ही उनकी समस्याओं का समाधान होगा। जिला प्रोबेशन अधिकारी चमन सिंह ने भी जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन डीपीओ आशा सिंह ने किया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, महिलाएं व बालिकाएं मौजूद रहीं।

chat bot
आपका साथी