हादसे में बाइक सवार युवक की मौत, पत्नी घायल

अनियंत्रित पिकप वाहन ने बाइक को मारी टक्कर

By JagranEdited By: Publish:Tue, 30 Mar 2021 10:48 PM (IST) Updated:Tue, 30 Mar 2021 10:48 PM (IST)
हादसे में बाइक सवार युवक की मौत, पत्नी घायल
हादसे में बाइक सवार युवक की मौत, पत्नी घायल

श्रावस्ती : सिरसिया थाना क्षेत्र के चिर्रीपुर गांव के पास तेज रफ्तार पिकप वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इस पर सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान सिरसिया सीएचसी में पति की मौत हो गई। पत्नी की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

बलरामपुर जिले के हरैया थाना क्षेत्र के विनुहनी खुर्द गांव निवासी राजकुमार अपनी पत्नी नीलू के साथ बाइक से सिरसिया आ रहे थे। इसी दौरान चिर्रीपुर गांव के पास तेज रफ्तार पिकप वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। आसपास मौजूद लोगों ने सिरसिया पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल दंपती को एंबुलेंस से सीएचसी सिरसिया पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने राजकुमार को मृत घोषित कर दिया। पत्नी नीलू को प्राथमिक उपचार के बाद संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर किया गया है।

पारिवारिक विवाद में मारपीट, भतीजे की मौत

बहराइच : रामगांव थाना क्षेत्र के जानीजोत गांव में रविवार की शाम चाचा-भतीजे में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। दोनों में जमकर मारपीट हुई। गंभीर रूप घायल भतीजे को मेडिकल कॉलेज बहराइच में इलाज के लिए परिवारजन ने भर्ती कराया। प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने युवक को घर भेज दिया। बीते सोमवार को उसकी मौत हो गई।

पारिवारिक विवाद के चलते 32 वर्षीय रामू का उसके चाचा कमलेश कुमार से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों में गाली-गलौज के बाद मारपीट हो गई। इसमें रामू गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में परिवारजन ने उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां उपचार के बाद परिवारजन वापस घर लेकर चले गए। सुबह हालत बिगड़ने पर परिवारजन अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे, तभी रामू की मौत हो गई।

थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि मृतक के पिता सुंदरलाल ने तहरीर पर कमलेश, कलावती, श्यामलाल व सुघरा के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस जांच कर रही है।

chat bot
आपका साथी