अब रात नौ बजे तक खुली रहेंगी दुकानें

कोविड प्रोटोकाल का कड़ाई से करना होगा पालन शनिवार व रविवार को लागू रहेगी साप्ताहिक बंदी

By JagranEdited By: Publish:Wed, 23 Jun 2021 10:22 PM (IST) Updated:Wed, 23 Jun 2021 10:22 PM (IST)
अब रात नौ बजे तक खुली रहेंगी दुकानें
अब रात नौ बजे तक खुली रहेंगी दुकानें

श्रावस्ती : वैश्विक महामारी कोविड-19 के कम होते प्रभाव को ध्यान में रखते हुए व्यावसायिक गतिविधियों का समय धीरे-धीरे बढ़ाया जा रहा है। अब सोमवार से शुक्रवार तक सुबह सात बजे से रात नौ बजे तक दुकानें खुली रहेंगी। शनिवार व रविवार को साप्ताहिक बंदी का नियम लागू रहेगा।

अपर जिलाधिकारी योगानंद पांडेय ने बताया कि शासन की ओर से क‌र्फ्यू के नियमों में बदलाव किया गया है। अब शाम सात बजे के बजाय रात नौ बजे तक व्यावसायिक प्रतिष्ठान खुले रहेंगे। व्यापारिक गतिविधियां आराम से चलती रहेंगी। इस दौरान कोविड प्रोटोकाल का कड़ाई से पालन करना होगा। ग्राहक व दुकानदार को मास्क अनिवार्य रूप से पहनना होगा। दो गज दूरी के नियम का पालन करने के साथ सैनिटाइजर का प्रयोग करना होगा। इन शर्तों का उल्लंघन करने पर महामारी अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी। सरकारी विभागों में कोविड प्रोटोकाल का पालन करते हुए शत-प्रतिशत कर्मचारी उपस्थित रहेंगे। कोविड हेल्प डेस्क की स्थापना की जाएगी। रेस्टोरेंट, होटल व अन्य खानपान से संबंधित दुकानें सुबह सात से रात नौ बजे तक 50 प्रतिशत क्षमता के साथ खुलेंगी। कंटेनमेंट जोन में दुकानें खोलने की अनुमति नहीं है। शादी समारोह व अन्य आयोजनों में एक समय में 50 अतिथियों के उपस्थिति की छूट दी गई है। धर्मस्थलों के परिसर में भी एक समय में 50 श्रद्धालु एकत्र हो सकेंगे। दोपहिया वाहन निर्धारित सीट क्षमता से चलेंगे। हेलमेट व फेस मास्क लगाना होगा। तीन पहिया वाहन, आटो रिक्शा व ई-रिक्शा अधिकतम तीन व्यक्तियों को लेकर चल सहेंगे। चार पहिया वाहन में चार लोगों के बैठने की छूट दी गई है। स्कूल, कालेजों में शिक्षण बंद रहेगा। भीड़-भाड़ व जुलूस पर रोक है।

chat bot
आपका साथी