खंड शिक्षा अधिकारियों का बदलें कार्य क्षेत्र

शासनादेश के विपरीत हुए संकुल चयन को रद्द करने की मांग

By JagranEdited By: Publish:Mon, 28 Sep 2020 09:39 PM (IST) Updated:Tue, 29 Sep 2020 05:11 AM (IST)
खंड शिक्षा अधिकारियों का बदलें कार्य क्षेत्र
खंड शिक्षा अधिकारियों का बदलें कार्य क्षेत्र

संसू, श्रावस्ती : सोमवार को जिले के भ्रमण पर आए सहायक शिक्षा निदेशक विनय मोहन वन से शिक्षकों के प्रतिनिधि मंडल ने भेंट की। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के पदाधिकारियों ने एडी बेसिक को शिक्षकों की समस्याएं बताईं। खंड शिक्षा अधिकारियों के रिक्त पदों को भरने व तीन साल से जमे बीईओ का कार्य क्षेत्र बदलने की मांग की।

राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष नीलमणि शुक्ल ने कहा कि जिले में पांच ब्लॉक हैं। इसके सापेक्ष मात्र तीन खंड शिक्षा अधिकारियों की तैनाती है। इनमें से भी एक खंड शिक्षा अधिकारी आए दिन अवकाश पर ही रहते हैं। बीईओ की कुर्सी खाली होने से जरूरी कार्यों से शिक्षकों को भटकना पड़ता है। रिक्त पदों को शासन स्तर से भरवाया जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कार्यरत बीईओ एक ही ब्लॉक में तीन साल से अधिक समय से डटे हैं। इनका कार्य क्षेत्र बदला जाए। संयुक्त महामंत्री अमित चंद्र मिश्र ने कहा कि कई ब्लॉकों में शिक्षकों के पास एक से अधिक स्कूलों का प्रभार है। अतिरिक्त प्रभार के स्कूलों में यदि शिक्षक-शिक्षिकाएं तैनात हैं तो शासनादेश के अनुसार प्रभारी को सिर्फ एक ही स्कूल का प्रभार दिया जाए। उन्होंने कहा कि पंचायत संकुल चयन में शासनादेश का पालन नहीं हुआ है। यह चयन एआरपी व एसआरजी के माध्यम से होना था। खंड शिक्षा अधिकारियों ने चयन कर लिया है। शासनादेश के विपरीत बने न्याय पंचायत संकुल का चयन रद्द किया जाए। प्रकाश चंद्र मिश्र, प्रदीप पटेल, राजकुमार सिंह चौहान, दीपक केसरवानी, नरेंद्र प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी