यमुना नदी का फिर बढ़ा जलस्तर

शामली के कैराना में पहाड़ों पर बारिश के चलते हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में 38105 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 24 Sep 2021 11:01 PM (IST) Updated:Fri, 24 Sep 2021 11:01 PM (IST)
यमुना नदी का फिर बढ़ा जलस्तर
यमुना नदी का फिर बढ़ा जलस्तर

शामली, जागरण टीम। शामली के कैराना में पहाड़ों पर बारिश के चलते हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में 38105 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इसके चलते कैराना में फिर से यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है और ब्रिज निर्माण का कार्य भी प्रभावित हो गया है। हालांकि, क्षेत्र में अभी कोई नुकसान नहीं है।

पहाड़ी व मैदानी क्षेत्रों में बारिश के चलते हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में छोड़े जा रहे पानी की मात्रा बढ़ गई है। शुक्रवार को हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में 38,105 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जिसके चलते कैराना क्षेत्र से गुजरने वाली यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। इसे लेकर खादर क्षेत्र में खेती करने वाले किसान चितित नजर आने लगे हैं। हालांकि क्षेत्र में अभी कोई नुकसान नहीं है।

उधर, यमुना नदी पर चल रहे नेशनल हाइवे के ब्रिज निर्माण का कार्य भी एक बार फिर प्रभावित हो गया है। अगले 24 घंटे में जलस्तर में और वृद्धि देखी जा सकती है। ड्रेनेज विभाग के जेई आशु कुमार ने बताया कि यमुना नदी में 38105 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। शुक्रवार दोपहर तीन बजे जलस्तर 229.40 मीटर रिकार्ड किया गया। यहां से चेतावनी बिदु 231 मीटर व खतरे का निशान 231.500 मीटर पर है।

..

बरसात के पानी से शहर हुआ जलमग्न

शामली, जागरण टीम। शामली के कांधला क्षेत्र में हो रही बारिश के चलते जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बारिश के चलते कस्बे के विकास खंड आवासीय कालोनी में पानी भर गया। पानी भरने से कालोनी की दीवार भी गिर गई है। घरों में पानी भरने से कर्मचारियों का कामकाज ठप हो गया।

गुरुवार की रात क्षेत्र में मूसलाधार बारिश हुई। बरसात के पानी से शहर जलमग्न हो गया। पानी लोगों के घरों में घुस गया। गलियों में सुबह तक पानी भरा रहा। जिसने पालिका प्रशासन की पोल खोल कर रख दी है। शुक्रवार को बरसात होती रही। बारिश के कारण कस्बे की खंड विकास कार्यालय की आवासीय कालोनी में पानी भर गया। बरसात से कर्मचारियों के आवास में भी पानी भर गया।

आवासों में पानी भरने से कर्मचारियों को आने जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि पानी भरने के कारण उनका सरकारी कामकाज ठप हो गया। कालोनी की एक दीवार भी गिर गई। सरकारी अस्पताल, पालिका प्रांगण, रेलवे रोड व घसौली रोड सहित कस्बे में कई जगहों पर पानी भरा रहा।

chat bot
आपका साथी