आंधी के साथ बूंदाबादी, उमस बढ़ी

शनिवार की रात मौसम के एक बार फिर करवट बदलने के बाद आंधी चली और हल्की बारिश हुई। ऐसे में गर्मी-उमस से राहत रही। लेकिन रविवार सुबह तेज धूप निकली और गर्मी-उमस का खूब अहसास हुआ। शनिवार के मुकाबले अधिकतम तापमान में व़ृद्धि हुई।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 10:51 PM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 10:51 PM (IST)
आंधी के साथ बूंदाबादी, उमस बढ़ी
आंधी के साथ बूंदाबादी, उमस बढ़ी

शामली, जागरण टीम। शनिवार की रात मौसम के एक बार फिर करवट बदलने के बाद आंधी चली और हल्की बारिश हुई। ऐसे में गर्मी-उमस से राहत रही। लेकिन रविवार सुबह तेज धूप निकली और गर्मी-उमस का खूब अहसास हुआ। शनिवार के मुकाबले अधिकतम तापमान में व़ृद्धि हुई। हालांकि दोपहर में बादल छाने से बारिश से की संभावना बनी, लेकिन कुछ देर बाद बादल छंट गए।

गुरुवार रात आंधी के साथ बारिश आई थी। आम की फसल को खासा नुकसान पहुंचा था। शुक्रवार और शनिवार को मौसम सामान्य रहा, लेकिन शनिवार रात मौसम ने करवट बदली। आसमान बादलों से घिर गया और कुछ देर के लिए आंधी चली। साथ ही हल्की बारिश भी हुई। आंधी थोड़ी देर चली, लेकिन बागों में आम को नुकसान हुआ है। कुछ जगहों पर पेड़ भी टूटे और बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई। मौसम बिगड़ते ही ऊर्जा निगम ने बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई थी और रात्रि में 11 से 12 बजे के बीच बिजली आपूर्ति बहाल हो गई थी।

रविवार की सुबह भी आसमान में काले बादल छाए रहे, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही तेज धूप निकलने से गर्मी व उमस के बढ़ जाने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। दोपहर में फिर से बादल छाए, लेकिन बारिश नहीं हुई। धूप भले ही हल्की रही, लेकिन उमस ने परेशान किया। देर रात तक भी बादल छाए थे, लेकिन उमस बरकरार थी। अधिकतम तापमान 33.4 और न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि शनिवार को अधिकतम तापमान 30.2 और न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस रहा था।

ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता ब्रह्मपाल सिंह ने बताया कि कहीं कोई बड़ा फाल्ट नहीं आया। कुछ जगहों पर पेड़ों की टहनी आदि गिरने से आपूर्ति बाधित हुई थी, लेकिन रात में तत्काल आपूर्ति सुचारू कर दी गई थी।

----

आम को काफी नुकसान

बारिश तो अब तक बहुत अधिक नहीं हुई , लेकिन आंधी कई बार चल चुकी है। ऐसे में बागों में आम को काफी नुकसान पहुंच चुका है। बाग ठेकेदार मुस्तकीम, बबूल सैनी ने बताया कि अनुमान यही है कि मौसम की मार से करीब 40 फीसद नुकसान हो चुका है। कच्चा आम मंडियों में कौड़ियों के भाव बिका है। शनिवार रात भी आंधी से नुकसान हुआ है।

----

बारिश से हुई हल्की सिचाई

कृषि विज्ञान केंद्र शामली के वैज्ञानिक डा. विकास मलिक ने बताया कि धान की नर्सरी और सब्जियों की फसल के लिए बारिश ने हल्की सिचाई का काम किया है। गन्ने की फसल में पौधे अभी छोटे हैं तो आंधी से कोई नुकसान नहीं है। तापमान अब बहुत अधिक बढ़ा नहीं है तो ऐसे में धान की नर्सरी लगाने में तेजी आएगी।

chat bot
आपका साथी