झगड़े में घायल दूसरी महिला ने भी तोड़ा दम, गांव में पुलिस तैनात

इस्लामपुर घसौली में मंगलवार शाम शराब पीने के विरोध को लेकर हुए झगड़े में एक और महिला की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजन को सौंप दिए। ग्रामीणों ने शवों का अंतिम संस्कार कर दिया। एहतियात में गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इस्लामपुर घसौली में सहेंद्र व सतपाल पक्ष में रंजिश चल रही है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 31 Mar 2021 10:57 PM (IST) Updated:Wed, 31 Mar 2021 10:57 PM (IST)
झगड़े में घायल दूसरी महिला ने भी तोड़ा दम, गांव में पुलिस तैनात
झगड़े में घायल दूसरी महिला ने भी तोड़ा दम, गांव में पुलिस तैनात

जेएनएन, शामली। इस्लामपुर घसौली में मंगलवार शाम शराब पीने के विरोध को लेकर हुए झगड़े में एक और महिला की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजन को सौंप दिए। ग्रामीणों ने शवों का अंतिम संस्कार कर दिया। एहतियात में गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

इस्लामपुर घसौली में सहेंद्र व सतपाल पक्ष में रंजिश चल रही है। आरोप है कि मंगलवार को सतपाल पक्ष के लोग घर के बाहर शराब पीकर गाली-गलौज कर रहे थे। सहेंद्र पक्ष ने विरोध किया तो दोनों पक्षों में मारपीट के साथ जमकर पथराव हुआ था। आरोप है कि फायरिग भी की गई। गोली लगने से महिला गजना की मौत हो गई थी। जबकि महिला ललतेश और युवक सतीश भी घायल हो गए थे। बुधवार को ललतेश ने मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पीड़ित के घर भीड़ एकत्र हो गई। सीओ कैराना जितेंद्र कुमार भी पुलिस टीम के साथ गांव में पहुंच गए। सीओ कैराना जितेंद्र कुमार, एएसपी ओपी सिंह और एसपी सुकीर्ति माधव भी मौके पर पहुंचे। गजना के पति चंद्रपाल ने हत्या समेत विभिन्न धाराओं में प्रमोद पुत्र रविद्र, भोला उर्फ सुधीर पुत्र धारा, सतपाल पुत्र रतना, जितेंद्र पुत्र रामफल, यशपाल उर्फ गुरजी पुत्र रतना, रोमियों पुत्र उधा, महिला ऊषा पत्नी रविद्र व बबीता पत्नी उधा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। थाना प्रभारी रोजंत त्यागी ने बताया कि दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार आरोपितों की तलाश की जा रही है।

--इनका कहना है

हत्या के मामले में वांछितों की तलाश में करनाल पुलिस ने इस्लामपुर में दबिश दी थी। हरियाणा पुलिस ने इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को नहीं दी। हरियाणा पुलिस की मुखबिरी करने को लेकर दोनों पक्षों में संघर्ष हुआ। शराब पीने को लेकर विवाद होने की बात निराधार है।

सुकीर्ति माधव, एसपी शामली

------------------ लाठी-डंडे लेकर घंटों पीड़ितों के घर के बाहर जमे रहे थे आरोपित

संवाद सूत्र, कांधला : पुलिस की मुखबरी के शक में दोनों पक्षों में कई बार झगड़ा हो चुका है। आखिर इस रंजिश में दो महिलाओं की जान चली गई। घटना के बाद आरोपित पक्ष के लोग घंटों तक घर के बाहर खड़े रहे और समय से उपचार नहीं मिलने के कारण महिलाओं की मौत हुई।

इस्लामपुर घसौली में सतपाल पक्ष का धारा गांव में अवैध शराब बेचता है। पुलिस ने उसे पिछले साल दो पेटी शराब के साथ पकड़ा भी था। बाद में वह जमानत पर छूट गया। धारा पक्ष के लोगों को शक था कि सहेंद्र उनकी मुखबिरी करता है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में रंजिश शुरू हो गई। जनवरी में भी सतपाल व सहेंद्र पक्ष में झगड़ा हुआ था। फरवरी में सतपाल, रविद्र, गुरजी, पट्टू व महिला ऊषा जनपद मोदीनगर के सीकरी मंदिर पर एक महिला की सोने की चेन छीनने के आरोप में जेल गए थे। मोदीनगर पुलिस उक्त लोगों को गांव से पकड़कर अपने साथ ले गई थी। मंगलवार को भी हरियाणा पुलिस ने सतपाल पक्ष के लोगों के घर पर वांछित की तलाश में दबिश दी थी। इसके बाद ही दोनों पक्षों में विवाद हुआ। मौके पर मौजूद ग्रामीणों की मानें तो आरोपित घंटों तक पीड़ितों के घर के बार लाठी-डंडे लेकर जमे रहे। घायल महिलाएं तड़पती रहीं। पुलिस के जाने के बाद आरोपित फरार हुए, तब महिलाओं को अस्पताल भिजवाया गया। तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

chat bot
आपका साथी