शहर में भी बेसहारा गोवंश की भरमार, लोग परेशान

बेसहारा गोवंशों के कारण किसानों के साथ ही शहर के लोगों को भी काफी परेशानी हो रही है। कई बार नगर पालिका में सभासद व अन्य लोग शिकायत भी कर चुके हैं इसके बावजूद बेसहारा गोवंश को संरक्षित नहीं किया जा रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 12 Aug 2021 10:58 PM (IST) Updated:Thu, 12 Aug 2021 10:58 PM (IST)
शहर में भी बेसहारा गोवंश की भरमार, लोग परेशान
शहर में भी बेसहारा गोवंश की भरमार, लोग परेशान

शामली, जागरण टीम। बेसहारा गोवंशों के कारण किसानों के साथ ही शहर के लोगों को भी काफी परेशानी हो रही है। कई बार नगर पालिका में सभासद व अन्य लोग शिकायत भी कर चुके हैं, इसके बावजूद बेसहारा गोवंश को संरक्षित नहीं किया जा रहा है।

पिछले कई वर्ष से बेसहारा गोवंश की समस्या है। पहले गांवों में अधिक दिक्कत थी और गोवंश फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं, लेकिन शहरों में भी गोवंश काफी संख्या में हैं। मुख्य सड़कों से लेकर गली-मोहल्लों तक पहुंच जाते हैं। बाइक-स्कूटी को गिरा देते हैं और कई बार तो हमला करने के लिए लोगों के पीछे तक दौड़ पड़ते हैं। अचानक सड़क के बीच आने से दुर्घटना का खतरा रहता है।

समाजसेवी निशीकांत संगल का कहना है कि नगर पालिका ने पशु पकड़ने के लिए कैटल कैचर वाहन खरीदा था। लाखों खर्च करने के बाद भी कोई फायदा नहीं है, क्योंकि गोवंश तो संरक्षित नहीं हो रहे हैं। कई बार प्रार्थना पत्र भी दिए जा चुके हैं। ऐसा लगता है कि पालिका प्रशासन को किसी हादसे का इंतजार है। भूखे-प्यासे गोवंश इधर-उधर भटकते रहते हैं।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सुरेंद्र यादव ने बताया कि नवीन मंडी परिसर में अस्थायी आश्रय स्थल बनाया हुआ है। गोवंशों को पकड़कर संरक्षित किया जाता है। उक्त आश्रय स्थल में वर्तमान में 110 गोवंश हैं और काफी संख्या में गोवंश वृहद गोसंरक्षण केंद्र बनत में भी संरक्षित कराए गए थे।

बाइक चोरी करते पकड़ा

संवाद सूत्र, थानाभवन : कस्बे के मोहल्ला हकीमान निवासी युवक ईशु पुत्र मनोहर लाल की मोटरसाइकिल घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान एक युवक बाइक को चोरी कर ले जाने लगा।

परिवार की महिला ने चोर को बाइक ले जाते हुए देखकर शोर मचा दिया। ईशु के स्वजन ने आरोपित युवक को पकड़ लिया तथा पुलिस को सौंप दिया। थाना प्रभारी प्रभाकर कैंतुरा ने बताया कि युवक से पूछताछ की जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी