हड़ताल खत्म, आज से काम पर लौटेंगे एनएचएम संविदा कर्मी

एनएचएम संविदा कर्मियों की हड़ताल खत्म हो गई है। मंगलवार से कर्मचारी काम पर लौटेंगे।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 06 Dec 2021 06:01 PM (IST) Updated:Mon, 06 Dec 2021 06:01 PM (IST)
हड़ताल खत्म, आज से काम पर लौटेंगे एनएचएम संविदा कर्मी
हड़ताल खत्म, आज से काम पर लौटेंगे एनएचएम संविदा कर्मी

शामली, जेएनएन। एनएचएम संविदा कर्मियों की हड़ताल खत्म हो गई है। मंगलवार से कर्मचारी काम पर लौटेंगे। शासन स्तर पर वार्ता में कुछ मांगों पर सहमति बनने के बाद उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ ने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया है।

सात सूत्रीय मांगों को लेकर एनएचएम संविदा कर्मचारी बुधवार से हड़ताल पर चले गए थे। इसके चलते कोरोनारोधी टीकाकरण, नियमित टीकाकरण, टीबी व अन्य जांच समेत तमाम स्वास्थ्य सेवा प्रभावित हुई हैं। संघ के जिलाध्यक्ष संगीत शर्मा ने बताया कि हमारी मांग हैं कि संविदा कर्मचारियों को नियमित किया जाए और संविदा के सापेक्ष स्वास्थ्य विभाग में पद सृजित किए जाएं। एक समान मानदेय मिले और सातवें वेतन आयोग के तहत महंगाई भत्ता व अन्य लाभ दिए जाएं। बीमा पालिसी का निर्धारण हो और आशा बहुओं का मानदेय निर्धारित किया जाए। रिक्त पदों पर इच्छुक कर्मचारियों का गैर जिलों में स्थानांतरण किया जाए और आउटसोर्स कर्मचारियों को जिला स्वास्थ्य समिति के तहत समायोजित किया जाए। सोमवार को अपर मुख्य सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण की अध्यक्षता में संगठन के प्रतिनिधि मंडल के साथ वार्ता हुई। कुछ मांगों पर सहमति बनी है। वार्ता का कार्यवृत्त जल्द जारी होगा। संगठन के शीर्ष नेतृत्व ने हड़ताल खत्म करने के निर्देश जारी कर दिए हैं और मंगलवार को सभी कर्मचारी काम पर लौट जाएंगे। वहीं, सोमवार को हड़ताल जारी रही। लेकिन छह दिसंबर को धारा-144 लागू रही और इसके चलते सीएमओ कार्यालय पर कर्मचारी एकत्र नहीं हुए। लेकिन सीएचसी-पीएचसी पर धरना-प्रदर्शन किया।

---

टीकाकरण की बढ़ेगी गति

एनएचएम संविदा कर्मियों की हड़ताल के चलते कोरोनारोधी टीकाकरण सबसे अधिक प्रभावित हो रहा था। स्वास्थ्य विभाग ने सभी स्थाई एएनएम की ड्यूटी टीकाकरण में लगाई थी। लेकिन इसके बाद भी काफी केंद्रों पर टीकाकरण नहीं हो रहा था। अब हड़ताल खत्म हो गई है तो टीकाकरण की गति बढ़ेगी।

chat bot
आपका साथी