ड्यूटी पर दौरा पड़ने से बेहोश हुआ कर्मचारी
कैराना खंड विकास कार्यालय पर पोलिग बूथ पर ड्यूटी के दौरान अचानक एक कर्मचारी दौरा पड़ने से बेहोश हो गया।
शामली, जेएनएन। कैराना खंड विकास कार्यालय पर पोलिग बूथ पर ड्यूटी के दौरान अचानक एक कर्मचारी दौरा पड़ने से बेहोश हो गया। इससे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। मंगलवार को खंड विकास कार्यालय पर स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी पद हेतु मतदान चल रहा था। इसी दौरान एक कर्मचारी को अचानक दौरा पड़ गया। अन्य कर्मचारी ने उसे जमीन पर गिरने से बचाया। कुछ देर के बाद कर्मचारी को होश आया तो सभी राहत की सांस ली।
-पूर्व मंत्री ने किया मतदान
कांधला : कस्बे के नगर पालिका परिषद में मंगलवार को स्नातक एमएलसी के लिए मतदान सुबह आठ बजे से शुरू हो गया था। मतदान स्थल पर एसडीएम कैराना उद्भव त्रिपाठी और सीओ कैराना जितेंद्र सिंह व थाना प्रभारी निरीक्षक रोजन्त त्यागी भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। सुबह के समय मतदान करने के लिए आने वाले मतदाताओं की गति बहुत कम थी। लगभग 10 बजे मतदान स्थल पर पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं एमएलसी वीरेंद्र सिंह भी पहुंचे। भाजपा के क्षेत्रिय उपाध्यक्ष हरबीर मलिक व पूर्व कैबिनेट मंत्री वीरेंद्र सिंह शाम पांच बजे तक कस्बे में मौजूद रहे। शाम पांच बजे तक 600 में से 427 स्नातक व 513 में से 326 मतदाताओं ने अपने मतों का प्रयोग किया। 225 में से 158 शिक्षक मतदाताओं ने अपने मतों का प्रयोग किया। सपा कार्यकर्ता मतदान स्थल से दूरी बनाए रहे।
बूथ कैप्चरिग की फैली अफवाह
कांधला: स्नातक एमएलसी चुनाव के दौरान बूथ कैप्चरिग की अफवाह भी खूब उड़ी। बूथ कैप्चरिग की सूचना से अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सूचना पर एसडीएम कैराना उद्भव त्रिपाठी व सीओ कैराना जितेंद्र सिंह भारी पुलिस बल के साथ मतदान स्थल पहुंचे। बूथ कैप्चरिग की सूचना झूठी साबित होने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली।