सपा कार्यकर्ताओं ने निकाली साइकिल यात्रा

बेरोजगारी व महंगाई सहित अन्य मुद्दों को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने साइकिल यात्रा निकाली। इस दौरान पुलिस भी अलर्ट नजर आई।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 05 Aug 2021 11:39 PM (IST) Updated:Thu, 05 Aug 2021 11:39 PM (IST)
सपा कार्यकर्ताओं ने निकाली साइकिल यात्रा
सपा कार्यकर्ताओं ने निकाली साइकिल यात्रा

शामली, जागरण टीम। बेरोजगारी व महंगाई सहित अन्य मुद्दों को लेकर सपा कार्यकर्ताओं ने साइकिल यात्रा निकाली। इस दौरान पुलिस भी अलर्ट नजर आई।

गुरुवार को समाजवादी पार्टी के कैराना विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष डा. सत्यपाल सिंह कश्यप के नेतृत्व में जनेश्वर मिश्र के जन्मदिवस पर समर्थकों ने सीओ आफिस के सामने से साइकिल यात्रा निकाली। इस दौरान नारेबाजी भी की गई। दूसरी ओर लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष चौधरी कलीम के नेतृत्व में समर्थकों ने गांव अलीपुर-मन्नामाजरा से विभिन्न मार्गों पर साइकिल यात्रा निकाली। जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी व महिला उत्पीड़न हो रहा है। उन्होंने कहा कि जनता 2022 में इस सरकार को सत्ता से हटाने का काम करेगी। उधर, साइकिल यात्रा को लेकर पुलिस भी अलर्ट नजर आई। इस दौरान दर्जनों सपा समर्थक साइकिल पर सवार होकर रैली में शामिल हुए।

मोदी-योगी सरकार हर मोर्चे पर विफल : सुधाकर

जागरण संवाददाता, शामली : सपा रैली के जनपद प्रभारी व पूर्व मंत्री सुधाकर कश्यप ने कहा कि मोदी-योगी सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई हैं। पेट्रोल-डीजल के दामों में आग लगी हुई है। बिजली की महंगी दरों, रसोई गैस और चौतरफा महंगाई के कारण लोगों का जीना मुहाल हो रहा है। प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की चीज नहीं रह गई है। 14 दिनों में गन्ना भुगतान कराने और बहन-बेटियों की सुरक्षा के दावे भी हवाई साबित हो रहे हैं।

गुरुवार को पूर्व मंत्री सुधाकर कश्यप रेलवे रोड स्थित गन्ना विकास परिषद के चेयरमैन वीर सिंह मलिक के आवास पर पहुंचे थे। सपा कार्यालय व साईकिल रैली में शामिल होने के बाद उन्होंने यहां भाजपा सरकार पर जमकर कटाक्ष किए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में किसान, मजदूर, व्यापारी, नौजवान सभी बेहाल हैं। उन्होंने कहा कि आगामी विस चुनाव-2022 में जनता सरकार को उखाड़ फेंककर इसका जवाब देगी। उन्होंने आह्वान किया कि सपा से अधिक से अधिक जुड़ें और सरकार बनने के बाद हर समस्या का समाधान सपा करने का काम करेगी। इस अवसर पर गन्ना विकास परिषद के चेयरमैन वीर सिंह मलिक, वेदपाल, सतेंद्र चेयरमैन, नीटू प्रधान आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी