आठ एनसीसी कैडेट्स का गणतंत्र परेड के लिए चयन

जलालाबाद के एल्पाइन कालेज आफ एजुकेशन के आठ एनसीसी कैडेट्स का गणतंत्र परेड के लिए चयन किया गया है। चयनित कैडेट्स को स्कूल प्रबंधन ने सम्मानित किया।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 25 Sep 2021 11:00 PM (IST) Updated:Sat, 25 Sep 2021 11:00 PM (IST)
आठ एनसीसी कैडेट्स का गणतंत्र परेड के लिए चयन
आठ एनसीसी कैडेट्स का गणतंत्र परेड के लिए चयन

जेएनएन, शामली। जलालाबाद के एल्पाइन कालेज आफ एजुकेशन के आठ एनसीसी कैडेट्स का गणतंत्र परेड के लिए चयन किया गया है। चयनित कैडेट्स को स्कूल प्रबंधन ने सम्मानित किया।

झिझाना में 17 से 21 सितंबर तक 85 यूपी एनसीसी बटालियन का वार्षिक कैंप आयोजित किया गया था। इस कैंप में जनपद के महाविद्यालयों के 495 कैडेट्स ने प्रतिभाग किया। कस्बे के हाईवे किनारे पर स्थित एल्पाइन कालेज आफ एजुकेशन के 19 कैडेट्स ने कैंप में प्रतिभाग किया। 19 कैडेट्स में से आठ कैडेट्स विजय, हर्ष, जयद्रथ, रिजवान, शुभम, आरती, काजल, नैंसी का दिल्ली में आगामी गणतंत्र दिवस की परेड के लिए चयन किया गया है। कैंप में भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई थी, जिसमें नैंसी को दूसरा स्थान मिला है। गणतंत्र दिवस परेड के लिए चयनित होने पर प्रबंधक नितिन गर्ग ,निदेशक अंकित गुप्ता ने शनिवार को कालेज में एनसीसी कैडेट्स को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। स्कूल प्रबंधन ने गणतंत्र दिवस परेड के लिए एनसीसी कैडेट्स के चयन होने पर खुशी जताई है। समाधान दिवस में सुनीं फरियादियों की समस्याएं

कांधला थाने में समाधान दिवस में तहसीलदार व थाना प्रभारी निरीक्षक ने लोगों की समस्याओं को सुना। इस दौरान आधा दर्जन शिकायत दर्ज की गई। एक मामले में पुलिस ने एनसीआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

थाने में शनिवार को समाधान दिवस में पहुंची तहसीलदार प्रियंका जयसवाल व थाना प्रभारी निरीक्षक रोजंत त्यागी ने लोगों की समस्याओं को सुना। जसाला निवासी सेठपाल ने अपने चाचा पर कृषि भूमि पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया। एलम निवासी प्रवीण ने पड़ोसी पर जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। मखमूलपुर निवासी संजय ने बताया कि गांव का एक व्यक्ति सीसी रोड बनने में अड़चन पैदा कर रहा है। मीमला निवासी देवी सिंह ने अपने पड़ोसी रामभजन पर रास्ते मे गेट लगाने का आरोप लगाया है। कस्बा निवासी सभासद इंद्रपाल ने मोहल्ले के लोगों पर खाली पड़ी जमीन पर कूड़ा डालने की शिकायत दर्ज कराई है। कस्बा एलम निवासी रविद्र ने गांव के युवक पर धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में एनसीआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तहसीलदार प्रियंका जयसवाल ने राजस्व विभाग के मामलों की जांच लेखपालों को देते हुए तुरंत ही मामलों का निस्तारण किए जाने के निर्देश दिए हैं।

chat bot
आपका साथी