नमाज अदा कर मांगी सलामती और सेहत की दुआ

जुमे को ईद-उल फितर का त्योहार हर्षोल्लास से मनाया गया। मस्जिदों-घरों में शासन की गाइडलाइन का पालन करते हुए नमाज अदा की गई।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 14 May 2021 10:59 PM (IST) Updated:Fri, 14 May 2021 10:59 PM (IST)
नमाज अदा कर मांगी सलामती और सेहत की दुआ
नमाज अदा कर मांगी सलामती और सेहत की दुआ

शामली, जेएनएन। जुमे को ईद-उल फितर का त्योहार हर्षोल्लास से मनाया गया। मस्जिदों-घरों में शासन की गाइडलाइन का पालन करते हुए नमाज अदा की गई। अधिकांश मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की गई। गरीबों के लिए जकात व कोरोना महामारी से बचाव के लिए घरों में रहने, वैक्सीनेशन कराने की अपील मस्जिदों से की गई। कस्बे की ईदगाह, मौलवी वाली मस्जिद, जुमा मस्जिद, मुन्नी वाली मस्जिद, पुराने बस स्टैंड स्थित मस्जिद, मदरसा मस्जिद, दरबार वाली मस्जिद, बादी वाली मस्जिद व अन्य मस्जिदों में गाइडलाइन का पालन करते शुक्रवार में ईद उल फितर की नमाज सुबह 6:15 बजे से अदा कराई गई। एक समय में 5-10 लोगों को शारीरिक दूरी के साथ नमाज अदा कराई। मौलवियों वाली मस्जिद में शहर काजी सारिक हुसैन ने ईद की नमाज अदा कराने के बाद बताया कि रमजान मुबारक पवित्र महीना होता है। इस महीने में इबादत, रोजा, नमाज अदा की गई। इस महीने में जकात व सदका फर्ज है। ईद की नमाज अदा करने से पहले गरीबों को माल का एक चौथाई हिस्सा जकात करना चाहिए ताकि वे गरीब हमारी तरह खुशियों के साथ ईद में शामिल हो सकें। सदका जान का होता है। पाबंदी से पांचों वक्त की नमाज अदा करनी चाहिए। कोरोना महामारी का ध्यान रखते घरों में रहे, वैक्सीनेशन कराएं।

घरों में ही ईद की खुशियां मनाई

चौसाना : शुक्रवार सुबह से ही ईद को लेकर लोगों में उल्लास देखने को मिला। हालांकि कोरोना संक्रमण के बिगड़ते हालातों को देखते हुए लोगों ने मस्जिद में नमाज पढ़ने से परहेज किया। चौसाना व आसपास के गांव जिजौला, बल्ला माजरा, खोडसमा, गढ़ी हसनपुर, नाईनगला नवीन, भडी भरतपुर में ईद की नमाज घरों में शारीरिक दूरी के साथ अदा की गई। कुछ लोगों ने मस्जिद में शारीरिक दूरी बनाकर नमाज अदा की। नमाज के बाद कोरोना वायरस के खात्मे, बीमारियों से निजात, मुल्क में अमन-चैन के लिए दुआ की गई। इसके अलावा लोगों ने दूर से ही एक-दूसरे को ईद की बधाई दी।

सादगी के साथ मनाया गया ईद का त्योहार

ऊन : शुक्रवार को ऊन व क्षेत्र में ईद का त्योहार बड़े ही सादगी व भाईचारे के साथ मनाया गया । इस मौके पर लोगो ने घरों पर ही ईद की नमाज अदा की। इस बार लोगों द्वारा अपने मिलने वालों को घरों पर शीर का स्वाद लेने के लिए आमंत्रित नहीं किया गया। केवल मोबाइल के माध्यम से ही एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी गई । इस मौके पर पुलिस प्रशासन व अन्य अधिकारी समय समय पर ऊन व क्षेत्र में गस्त करते रहे।

chat bot
आपका साथी