पुरमाफी में कुलांचे भर रही है वालीबाल की उम्मीदें

शामली जेएनएन। पुरमाफी गांव के युवा राष्ट्रीय ही नहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी और अपने

By JagranEdited By: Publish:Mon, 02 Aug 2021 11:14 PM (IST) Updated:Mon, 02 Aug 2021 11:14 PM (IST)
पुरमाफी में कुलांचे भर रही है वालीबाल की उम्मीदें
पुरमाफी में कुलांचे भर रही है वालीबाल की उम्मीदें

शामली, जेएनएन।

पुरमाफी गांव के युवा राष्ट्रीय ही नहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी और अपने गांव की पहचान लिख रहे हैं। यहां पर प्रदेश का शानदार वालीबाल मैदान बनाया गया है। अब इस मैदान ने वालीबाल की उम्मीदों को बलवान कर दिया है। इस अकेले गांव में तीन अंतरराष्ट्रीय और 32 राष्ट्रीय खिलाड़ी हैं। एक खिलाड़ी तो अभी तक राष्ट्रीय स्तर की 17 प्रतियोगिताओं में भागीदारी कर चुके हैं।

वालीबाल को अलग पहचान देने के लिए यहां के युवाओं ने यंग ब्वायज वालीबाल क्लब बना रखा है। इसी क्लब के बैनर तले यहां के खिलाड़ी अभ्यास करते हैं। पिछले कुछ सालों में ही यहां के युवाओं ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान कायम कर दी है। क्लब के कोषाध्यक्ष भारतवीर का कहना है कि वर्ष 2016 में हुई स्टेट चैंपिम्यनशिप में हमारी टीम दूसरे नंबर पर रही थी। गांव के ही युवा दीपक सरोहा, प्रशांत और विपुल तो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल रहे हैं। अनुवीर सिंह अपने छोटे से करियर में 17 राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी कर चुके हैं।

------

सीडीओ की पहल पर गांव में बना शानदार मैदान

जनपद के मुख्य विकास अधिकारी शंभूनाथ तिवारी ने जब युवाओं में वालीबाल का उत्साह देखा तो उन्होंने गांव के ही परिषदीय स्कूल परिसर में शानदार खेल का मैदान बनाया। यह मैदान अंतरराष्ट्रीय मानकों का पालन करते हुए बनाया गया है। यही नहीं इसमें खिलाड़ी रात में भी प्रैक्टिस कर सकते हैं। रात में अभ्यास के लिए यहां पर प्रकाश के लिए हाईमास्ट लाइट लगाई गई है।

----------

आरडी शर्मा ने दिलाई थी गांव को पहचान

प्रसिद्ध् वालीबाल खिलाड़ी आरडी शर्मा इसी गांव में पैदा हुए थे। वालीबाल में उनके शानदार प्रदर्शन के बल पर ही उत्तर प्रदेश पुलिस में उन्हें नौकरी दी गई थी। उन्होंने अपने करियर के दौरान शानदार प्रदर्शन किया। इसी खेल के बल पर उन्हें ओएनजीसी ने भी नौकरी का आफर दिया था। पुलिस की नौकरी छोड़कर वह ओएनजीसी में आ गए थे। आरडी शर्मा के प्रदर्शन की बदौलत ही इस गांव को अलग पहचान मिली।

----------

इनका कहना है

गांव के युवा वालीबाल के दम पर गांव ही नहीं पूरे जनपद की पहचान बना रहे हैं। इसलिए गांव में शानदार खेल मैदान बनवाया गया है। खिलाड़ियों के लिए हर संभव सुविधाएं गांव में ही उपलब्ध कराई जाएंगी।

शंभूनाथ तिवारी, सीडीओ

chat bot
आपका साथी