संगीता प्रधान पिला रही हैं गांव को साफ-ठंडा पानी

शामली के थानाभवन में गांव आहता गौसगढ़ की प्रधान बनते ही संगीता ने सरकारी योजना का इंतजार नहीं किया। उन्होंने ग्रामीणों से सेवा का जो वादा किया था उसे पूरा भी कर दिया।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 23 Jul 2021 11:26 PM (IST) Updated:Fri, 23 Jul 2021 11:26 PM (IST)
संगीता प्रधान पिला रही हैं गांव को साफ-ठंडा पानी
संगीता प्रधान पिला रही हैं गांव को साफ-ठंडा पानी

शामली, जागरण टीम। शामली के थानाभवन में गांव आहता गौसगढ़ की प्रधान बनते ही संगीता ने सरकारी योजना का इंतजार नहीं किया। उन्होंने ग्रामीणों से सेवा का जो वादा किया था, उसे पूरा भी कर दिया। उन्होंने अपने खर्च से अपने घर पर ठंडे और शुद्ध पानी का प्लांट लगवाया है। हर रोज ठंडे पानी का टैंकर गांव के हर घर में पहुंचाया जाता है। भीषण गर्मी में लोग ठंडे और शुद्ध पानी का आनंद ले रहे हैं।

इसी पंचायत चुनाव में नीरज की पत्नी संगीता ने प्रधान पद का चुनाव लड़ा था। संगीता ने ग्रामीणों से वादा किया था कि यदि उन्हें जीत मिली तो वह ग्रामीणों की सेवा करेंगी। परिणाम आया तो वह चुनाव जीत गईं। भीषण गर्मी में ग्रामीणों को ठंडा पानी नहीं मिल पाता है। ग्रामीणों को ठंडा और शुद्ध पानी पिलाने के उद्देश्य से उन्होंने शुद्ध् और ठंडे पानी का प्लांट लगवाने का निर्णय लिया। प्लांट लगा दिया। अब वह हर रोज ठंडे और शुद्ध पानी को एक वाहन की मदद से गांव में घर-घर पहुंचवाती हैं।

ग्रामीण अपनी जरूरत के हिसाब से पानी ले लेते हैं। गांव प्रधान का कहना है कि 8,000 लीटर की क्षमता का टैंकर हर रोज भरकर गांव में भेजा जाता है। गांव में करीब 600 घर हैं। हर घर के लिए एक कैंपर करीब 15 लीटर पानी की व्यवस्था की जाती है। इसके अलावा यदि किसी ग्रामीण को ज्यादा पानी की जरूरत होती है तो वह उनके घर से जितना चाहे पानी ले जा सकता है।

-----------

सेवा के लिए ही तो बनी प्रधान : संगीता

..

गांव प्रधान संगीता का कहना है कि उन्होंने ग्रामीणों से वादा किया था कि वे गांव के लोगों की हर संभव सेवा करेंगी। ग्रामीणों ने उन्हें वोट के रूप में आशीर्वाद दिया था। अब उनका नंबर है ग्रामीणों के इस आशीर्वाद को सेवा के रूप में लौटाने का। गर्मी में सबसे ज्यादा सेवा ठंडे पानी की है। इसलिए वह ग्रामीणों को ठंडा पानी पिलवा रही हैं।

chat bot
आपका साथी