मौसम साफ रहा तो आज से शुरू होगी गन्ने की रिकवरी जांच

दो दिन हुई बारिश से चीनी मिलों में पेराई सत्र शुरू होने में देरी लगभग तय है। मौसम साफ रहा तो गन्ना विभाग आज से गन्ने की रिकवरी की जांच शुरू करेगा।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 19 Oct 2021 06:33 PM (IST) Updated:Tue, 19 Oct 2021 06:33 PM (IST)
मौसम साफ रहा तो आज से शुरू होगी गन्ने की रिकवरी जांच
मौसम साफ रहा तो आज से शुरू होगी गन्ने की रिकवरी जांच

जेएनएन, शामली। दो दिन हुई बारिश से चीनी मिलों में पेराई सत्र शुरू होने में देरी लगभग तय है। मौसम साफ रहा तो गन्ना विभाग आज से गन्ने की रिकवरी की जांच शुरू करेगा। हालांकि अभी खेतों में नमी काफी अधिक है। निर्धारित स्तर तक रिकवरी मिलने के बाद पेराई शुरू होगी। हालांकि, थानाभवन चीनी मिल में अभी कुछ काम भी शेष है।

शासन ने 20 अक्टूबर से चीनी मिल शुरू करने के निर्देश दिए थे और इसी हिसाब से तैयारियां की जा रही थी। 20 दिन पहले गन्ने की रिकवरी की जांच की गई थी, जो 6.57 फीसद आई थी। ऐसे में शासन के निर्देश हैं कि 8.9 फीसद तक रिकवरी आने पर ही चीनी मिल और खांडसारी उद्योग शुरू किए जाएं। रविवार और सोमवार को काफी बारिश हुई है, जिससे रिकवरी पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। क्योंकि, नमी अधिक होने से गन्ने में सुक्रोज कम और ग्लूकोज अधिक बनता है। ऐसे में चीनी कम बनती है। एक कुंतल गन्ने में जितने किलोग्राम चीनी बनती है, उसे रिकवरी कहा जाता है। पेराई सत्र शुरू करने के लिए शामली चीनी मिल ने 28 अक्टूबर और थानाभवन चीनी मिल ने 25 अक्टूबर की संभावित तिथि तय की थी। थानाभवन मिल के महाप्रबंधक (गन्ना) जेबी तोमर ने बताया कि पेराई सत्र शुरू होने में देरी हो सकती है। मिल में तीन रोले आने थे, जिसमें से अभी एक आया है। साथ ही बारिश भी देरी का एक कारण है। जिला गन्ना अधिकारी विजय बहादुर सिंह ने बताया कि रिकवरी की जांच दो तरह से होती है। एक तो फ्लोमीटर और दूसरा गन्ने से रस निकालकर पता चलता है। बुधवार से रिकवरी की जांच शुरू करेंगे, क्योंकि मंगलवार को मौसम साफ रहा और पूरा दिन धूप रही। कैलेंडर तो पहले ही जारी किए जा चुके हैं। चीनी मिल चलने की जैसे ही तिथि निर्धारित होगी, उसी हिसाब से इंडेंट जारी किया जाएगा। किसानों को आनलाइन घोषणा पत्र भरने के लिए लगातार प्रेरित किया जा रहा है। जोकि चीनी मिल चलने तक ही भरे जा सकेंगे।

chat bot
आपका साथी