घूसखोरी के आरोपित स्वास्थ्यकर्मी को न्यायिक हिरासत में भेजा

कोविड अस्पताल में मरीज को आक्सीजन देने के नाम पर दस हजार वसूलने के आरोपित स्वास्थ्य कर्मचारी को भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 07 May 2021 10:59 PM (IST) Updated:Fri, 07 May 2021 10:59 PM (IST)
घूसखोरी के आरोपित स्वास्थ्यकर्मी को न्यायिक हिरासत में भेजा
घूसखोरी के आरोपित स्वास्थ्यकर्मी को न्यायिक हिरासत में भेजा

शामली, जागरण टीम। कोविड अस्पताल में मरीज को आक्सीजन देने के नाम पर दस हजार वसूलने के आरोपित स्वास्थ्य कर्मचारी को भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है। आरोपित स्वास्थ्य कर्मचारी के खिलाफ आदर्श मंडी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपित से दस हजार रुपये भी बरामद कर लिए हैं।

दरअसल, थानाभवन क्षेत्र के गांव हरड़ फतेहपुर निवासी सत्यवान की हालत पांच मई को बिगड़ गई थी। उन्हें शामली के कोविड अस्पताल एल-2 में भर्ती कराया गया था। वहां उन्हें आक्सीजन की जरूरत थी, लेकिन व्यवस्था नहीं हो पा रही थी। सत्यवान की पत्नी ममतेश ने कोविड अस्पताल में तैनात तकनीशियन संजय से संपर्क किया तो उसने आक्सीजन लगाने के एवज में पचास हजार रुपये की मांग की थी। बाद में किसी तरह ममतेश ने दस हजार की व्यवस्था कर संजय को रात में साढ़े नौ बजे दिए थे, लेकिन सत्यवान की रात साढ़े दस बजे मौत हो गई। यह पता चलने पर रात में लगभग बारह बजे कोविड अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से शिकायत की गई। इससे स्वास्थ्य अधिकारियों में हड़कंप मच गया था। इस मामले में स्वास्थ्य अधिकारियों से शिकायत करने के बाद आदर्श मंडी थाना में आरोपित स्वास्थ्य कर्मी संजय के खिलाफ तहरीर दी गई। बावजूद इसके पुलिस अधीक्षक के आदेश पर मुकदमा दर्ज हो पाया था। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इसी के चलते मुकदमे की विवेचना व कार्रवाई सीओ सिटी प्रदीप सिंह को सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि पीड़िता ममतेश से वसूले दस हजार रुपये आरोपित से बरामद हो गए हैं। उसे गिरफ्तार कर भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट मेरठ में पेश किया गया। कोर्ट ने उसे 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेजा है।

chat bot
आपका साथी