भारत बंद आज, आठ जगह रहेगा जाम

कृषि कानूनों के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चे के आह्वान पर किसान संगठनों ने भारत बंद की तैयारी पूरी कर ली है। सोमवार को जिले में आठ स्थानों पर जाम लगाया जाएगा। व्यापारियों और ट्रेड यूनियनों से भी बंद में पूर्ण सहयोग की अपील की गई है। जाम के दौरान सिर्फ इमरजेंसी वाहनों को रास्ता दिया जाएगा।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 26 Sep 2021 09:07 PM (IST) Updated:Sun, 26 Sep 2021 09:07 PM (IST)
भारत बंद आज, आठ जगह रहेगा जाम
भारत बंद आज, आठ जगह रहेगा जाम

शामली, जागरण टीम। कृषि कानूनों के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चे के आह्वान पर किसान संगठनों ने भारत बंद की तैयारी पूरी कर ली है। सोमवार को जिले में आठ स्थानों पर जाम लगाया जाएगा। व्यापारियों और ट्रेड यूनियनों से भी बंद में पूर्ण सहयोग की अपील की गई है। जाम के दौरान सिर्फ इमरजेंसी वाहनों को रास्ता दिया जाएगा। बंद का समय सुबह छह से शाम चार बजे तक रखा गया है। पुलिस प्रशासन ने भी रूट डायवर्ट को लेकर तैयारी की है।

भाकियू जिलाध्यक्ष कपिल खाटियान ने बताया कि संगठन छह स्थानों पर जाम लगाएगा। शामली में विजय चौक, कैराना में बाइपास मार्ग, थानाभवन में चरथावल तिराहे, कांधला में चौधरी चरण सिंह प्रतिमा, ऊन में बिड़ौली गुरुद्वारा और बनत में मुजफ्फरनगर रोड को प्वाइंट बनाया गया है। एंबुलेंस, स्कूली वाहन और अन्य इ्मरजेंसी वाहनों को रास्ता दिया जाएगा। अन्य वाहनों को निकलने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सरकार किसानों की नहीं सुन रही है। जिले के साथ ही ब्लाक स्तर पर बैठक हो चुकी हैं और किसानों से अपील है कि भारत बंद को सफल बनाएं। व्यापारियों से भी अनुरोध है कि किसानों के साथ आएं और अपने प्रतिष्ठानों को बंद रखें। वहीं, किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सवित मलिक ने बताया कि शामली में गुरुद्वारा तिराहे पर जाम लगाया जाएगा। पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर निर्णय लिया है। दिल्ली के चारों तरफ किसानों को बैठे दस माह हो चुके हैं। सरकार न तो काले कानूनों को वापस ले रही है और न ही न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी का कानून बनाया जा रहा है।

वहीं, युवा किसान नेता राजन जावला के नेतृत्व में बुढ़ाना-कांधला मार्ग पर डांगरौल में जाम लगाया जाएगा। राजन जावला के आवास पर रविवार को पुलिसकर्मी भी पहुंचे और जानकारी ली। कांग्रेस ने किया बंद का समर्थन

कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपक सैनी ने बताया कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों से किसानों, मजदूरों और व्यापारियों की हालत बहुत अधिक खराब हो गई है। किसान कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन कर रहे हैं और कई किसान शहीद भी हो चुके हैं, लेकिन सरकार सिर्फ पूंजीपतियों का हित देख रही है। संयुक्त किसान मोर्चे के आह्वान पर होने पर भारत बंद का कांग्रेस पूर्ण समर्थन करती है। कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता सोमवार को गुरुद्वारा तिराहे पर किसानों के समर्थन में धरने पर बैठेंगे।

chat bot
आपका साथी