धान खरीद में गड़बड़ी को लेकर मंडी में हंगामा, मारपीट

मंडी परिसर में धरना दे रहे भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी गुट का गुरुवार को कुछ लोगों ने टेंट उखाड़ दिया। बिचौलियों व क्रय केंद्रों के मजदूरों पर आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। इस बीच तौल को लेकर एक कार्यकर्ता का मजदूर से विवाद हुआ तो वहां मारपीट हो गई जिस पर केंद्र प्रभारियों ने तौल बंद कर दी

By JagranEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 12:58 AM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 12:58 AM (IST)
धान खरीद में गड़बड़ी को लेकर मंडी में हंगामा, मारपीट
धान खरीद में गड़बड़ी को लेकर मंडी में हंगामा, मारपीट

जेएनएन, शाहजहांपुर : मंडी परिसर में धरना दे रहे भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी गुट का गुरुवार को कुछ लोगों ने टेंट उखाड़ दिया। बिचौलियों व क्रय केंद्रों के मजदूरों पर आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। इस बीच तौल को लेकर एक कार्यकर्ता का मजदूर से विवाद हुआ तो वहां मारपीट हो गई, जिस पर केंद्र प्रभारियों ने तौल बंद कर दी। यूनियन के कार्यकर्ताओं ने भी बिचौलियों से खरीद का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। एसडीएम ने पहुंचकर स्थिति को संभाला। तौल भी शुरू करा दी, लेकिन दोनों पक्ष एक दूसरे पर कार्रवाई की मांग को लेकर देर शाम तक थाने पर डटे थे।

धान खरीद में हो रही गड़बड़ी को लेकर भाकियू चढ़ूनी गुट का दस अक्टूबर से मंडी परिसर में धरना चल रहा है। उन्होंने वहां पर किसानों के लिए हेल्प डेस्क भी स्थापित की थी। गुरुवार को एक टेंट गेट के पास भी लगा दिया। पूर्वाह्न लगभग 11 बजे कुछ लोगों ने उसे उखाड़ दिया। यूनियन के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह व अन्य कार्यकर्ताओं ने विरोध किया तो हंगामा होने लगा। इस बीच पीसीयू ददिउरी शाखा के एक केंद्र पर संगठन के एक कार्यकर्ता की धान की तौल कराने को लेकर मजदूर से बहस हो गई। जिसके बाद वहां मारपीट होने लगी, जिससे अफरा तफरी का माहौल हो गया। भूपेंद्र की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार मंडी पहुंचे और स्थिति संभाली, लेकिन केंद्र प्रभारियों ने तौल बंद कर दी। जिसके बाद एसडीएम पुवायां सतीश चंद्रा ने वहां पहुंचकर करीब तीन बजे तौल शुरू कराई। उन्होंने भाकियू का टेंट भी पूरी तरह वहां से हटवा दिया। भाकियू जिलाध्यक्ष के आरोप

इसके बाद भाकियू कार्यकर्ता थाने पहुंच गए। जहां जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने तौल कराने गए किसान से केंद्र प्रभारी के धान तौलने के एवज में खर्च मांगने, खर्च न देने पर उसका टोकन निरस्त करने का आरोप लगाया। भूपेंद्र कहा आरोप है कि क्षेत्रीय विपणन अधिकारी अपने साथ केंद्र प्रभारियों व कुछ लोगों को लेकर आए। जहां उन्होंने धरने पर लगे पंडाल को उखाड़कर फेंक दिया। बदसलूकी की दी तहरीर

वहीं क्षेत्रीय विपणन अधिकारी हनुमान प्रसाद यादव भाकियू कार्यकर्ताओं पर मंडी में अराजकता फैलाने, मानक के विपरीत धान की तौल कराने व आये दिन केंद्र प्रभारियों के साथ बदसलूकी करने की तहरीर दी। देर शाम तक दोनों पक्ष थाने के बाहर ही डटे हुए थे।

यूनियन के कार्यकर्ता मंडी गेट पर टोकन काट रहे थे। उन लोगों ने मंडी में मजदूर के साथ मारपीट भी की, जिस वजह से तौल बंद हो गई थी। मजदूरों को समझाने पर तौल शुरू हो गई है।

- हनुमान प्रसाद, क्षेत्रीय विपणन अधिकारी मंडी समित

मैं अभी थाने पर नहीं हूं। दोनों पक्षों की जो तहरीर मिलेगी उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

- मनोज कुमार, प्रभारी निरीक्षक

chat bot
आपका साथी