शहर से हाईवे तक जाम, पब्लिक हो रही परेशान
जाम की समस्या नासूर बनती जा रही है। लेकिन इसके निस्तारण के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। पुलिस और नगर निगम प्रशासन एक-दूसरे को इसके लिए जिम्मेदार बताकर अपना पल्ला झाड़ लेते है। जिसका खामियाजा पब्लिक को उठाना पड़ रहा है। सोमवार को भी शहर से लेकर लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग तक जाम लग गया
जेएनएन, शाहजहांपुर : जाम की समस्या नासूर बनती जा रही है। लेकिन इसके निस्तारण के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। पुलिस और नगर निगम प्रशासन एक-दूसरे को इसके लिए जिम्मेदार बताकर अपना पल्ला झाड़ लेते है। जिसका खामियाजा पब्लिक को उठाना पड़ रहा है। सोमवार को भी शहर से लेकर लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग तक जाम लग गया। जिस वजह से करीब तीन घंटे तक लोगों को परेशान होना पड़ा।
नगर निगम प्रशासन शहर को जल्द स्मार्ट सिटी बनाने का दावा कर रहा है। लेकिन शहर में दशकों से जाम की समस्या लोगों के लिए मुसीबत बनी है। नगर निगम प्रशासन ने कई बार जाम की समस्या का निस्तारण कराने के लिए अतिक्रमण अभियान चलाकर लाखों रुपये बर्बाद किए लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। सोमवार दोपहर करीब साढ़े 11 बजे जेल रोड से अंटा चौराहे तक जाम लगा। इस मार्ग पर भैंसों का झुंड आने की वजह से लोगों को वाहन निकालना तक मुश्किल हो गया। जाम खुलवाने के लिए इस्लामियां इंटर कालेज के तिराहे के पास सिर्फ दो होमगार्ड ही पसीना बहाते नजर आए। इसी तरह मालखाना मोड़ के पास बेसहारा पशु मुख्य सड़क पर घूम रहे थे। जिस वजह से यहां भी जाम लग गया। इसके अलावा पक्के पुल, बहादुरगंज व गर्रा पुल के पास भी जाम लगने से पब्लिक को परेशान होना पड़ा।
--------
चालान काटने तक सीमित रहती है ट्रैफिक पुलिस
यातायात सुचारू कराने की जिम्मेदारी ट्रैफिक पुलिस पर है। लेकिन यहां ट्रैफिक पुलिस सिर्फ वाहनों के चालान काटकर टारगेट पूरा करने तक सीमित रह गई है। जबकि होमगार्डों पर ट्रैफिक की जिम्मेदारी डाल दी जाती है। न पार्किंग पर ध्यान, न भरे जा रहे गड्ढे
नगर निगम प्रशासन ने कहने को तो पार्किंग बनाकर वहां कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। लेकिन वाहन सड़कों पर ही खड़े किए जा रहे है। इसके अलावा अंटा चौराहे से लेकर चौक क्षेत्र में पाइप लाइन बिछाने के लिए जो गड्ढे खोदे गए थे उन्हें भी नहीं भरवाया गया। --------
तीन घंटे रेंगते रहे वाहन
संस, रोजा : लखनऊ दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित रोजा रेलवे लोडिग प्वाइंट पर सोमवार को भी जाम लग गया। सुबह करीब आठ बजे रेलवे साइडिग पर मालगाड़ी में गेहूं, खाद लोड करने के लिए ट्रक व ट्रैक्टर-ट्राली लेकर चालक पहुंचे थे। दोनों साइडों में आड़े-तिरछे वाहन खड़े कर दिए। जिस वजह से जाम लग गया। पुलिसकर्मियों ने बमुश्किल जाम को खुलवाया। इसके बाद दोपहर 12 बजे डीसीएम सड़क पर ही बंद हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह से डीसीएम को धक्का लगा कर साइड में खड़ा करवाया। जिसके बाद यातायात शुरू हो सका। जाम के स्थायी समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे है। पशु पालकों के साथ मीटिग की जाएगी। ताकि उनके निकलने का समय निर्धारित किया जा सके। इसके अलावा सड़क पर जो गड्ढे है उन्हें भरवाने के लिए भी नगर निगम व जल निगम के अधिकारियों से संपर्क किया जा रहा है।
एस आनंद, एसपी