संदिग्ध हालात में युवक की मौत, हत्या का आरोप

संदिग्ध हालात में युवक की मौत हो गई। मृतक के बेटे ने एक महिला पर जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या का आरोप लगाया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 07 Apr 2019 12:55 AM (IST) Updated:Sun, 07 Apr 2019 06:22 AM (IST)
संदिग्ध हालात में युवक की मौत, हत्या का आरोप
संदिग्ध हालात में युवक की मौत, हत्या का आरोप

जेएनएन, शाहजहांपुर : संदिग्ध हालात में युवक की मौत हो गई। मृतक के बेटे ने एक महिला पर जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने आरोपित महिला के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतक ने सुसाइड नोट में भी अपनी प्रेमिका को मौत का जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।

थाना आरसी मिशन क्षेत्र के मुहल्ला नई बस्ती रेती निवासी 40 वर्षीय शिव शंकर प्रजापति के बेटे विवेक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी मां रेखा देवी ने 2012 में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली थी। करीब चार साल पहले उसके मकान में अंजू नाम की महिला किराए पर रहने आई थी। अंजू ने पिता की संपत्ति पर कब्जा करने के लिए संबंध बना लिए। आरोप है कि अंजू देवी का चाल-चलन ठीक नहीं था। शुक्रवार की दोपहर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। बाद में दोनों करीब तीन बजे घर से निकल गए। अंजू वापस नहीं आई। उसके पिता शाम करीब छह बजे घर पर वापस आ गए। आरोप है कि अंजू ने ही उसके पिता को जहरीला पदार्थ खिला दिया। घर पहुंचकर उनकी मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मुआयना करने के बाद में शव को कब्जे में ले लिया

------------

घर में भाई था मौजूद

विवेक ने बताया कि वह पुवायां क्षेत्र में टेलीकाम की निजी कंपनी के टॉवर पर काम करता है। जब वह रात करीब नौ बजे घर वापस आया तो उसने पिता को बरामदे में पड़े तख्त पर मृत अवस्था में पड़े देखा। इसकी सूचना उसने पुलिस को दी। घटना के समय उसका सात वर्षीय भाई शरद घर में मौजूद था। उसने भी दोनों के बीच झगड़े की बात बताई है।

-------------

सुसाइड नोट में अंजू को ठहराया दोषी

मैं शिव शंकर लाल प्रजापति अपनी मौत करने जा रहा हूं। मेरी मौत के जिम्मेदार अंजू व उसके ताऊ के लड़का दीपक है। दीपक दुष्कर्म के मामले में जेल गया था। मैं उसकी पैरवी कर रहा हूं। मैंने घर में दीपक के साथ अंजू को आपत्तिजनक हालात में पकड़ा था। तो दोनों ने मुंह बंद रखने को कहा। दीपक, अंजू को उसकी मां व वकील ने बहुत समझाया, लेकिन वह नहीं माने। मेरे 40 हजार रुपये अंजू और दीपक पर आ रहे थे। जिन्हें मांगने पर दोनों ने कहा कि जहर खा लो, खाने के बाद दे देंगे। मेरी मौत की जिम्मेदार सिर्फ दीपक व अंजू हैं। मेरे संपत्ति मेरे बच्चों विवेक और शरद को दे दी जाए।

---------

15 घंटे शव पड़ा रहा घर पर

पुलिस को घटना की सूचना रात नौ बजे के बाद दे दी गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची भी थी, लेकिन इसके बाद भी पुलिस ने दोपहर करीब 12 बजे पंचनामा किया। इसे पुलिस की लापरवाही ही कहेंगे।

----------

वर्जन:

मामले में आरोपित महिला खिलाफ मुकदमा दर्ज करके उसकी तलाश की जा रही। जांच पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जयशंकर सिंह, थानाध्यक्ष

chat bot
आपका साथी