कृषि कानून के विरोध में सड़क पर उतरा भाकियू व विपक्षी

प्रशासन व पुलिस की सख्ती से भारत बंद का नहीं दिखा कोई असर

By JagranEdited By: Publish:Mon, 27 Sep 2021 11:06 PM (IST) Updated:Mon, 27 Sep 2021 11:06 PM (IST)
कृषि कानून के विरोध में सड़क पर उतरा भाकियू व विपक्षी
कृषि कानून के विरोध में सड़क पर उतरा भाकियू व विपक्षी

संतकबीर नगर: तीन कृषि कानून के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर सोमवार को भारत बंद का असर न के बराबर रहा। अधिकतर छोटी-बड़ी दुकानें खुली रहीं। ट्रेन, मालगाड़ी, बस व अन्य साधन हर दिन की भांति चलते हुए दिखे। लोगों के आवागमन पर कोई असर नहीं हुआ। पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। जनपद के तीन रेलवे स्टेशनों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट पुलिस फोर्स के साथ तैनात रहे। कलेक्ट्रेट में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। भाकियू कार्यकर्ता पैदल मार्च करते हुए मोती तिराहा से कलेक्ट्रेट परिसर में पहुंचे। प्रशासन-पुलिस की सख्ती को देखते हुए थोड़ी देर बाद यहां से चले गए। तीनों रेलवे स्टेशन पर पुलिस फोर्स के साथ जमे रहे स्टेटिक मजिस्ट्रेट

स्टेटिक मजिस्ट्रेट बनाए गए जिला कृषि अधिकारी पीसी विश्वकर्मा खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर पुलिस कर्मियों के साथ जमे रहे। यहां पर बिना किसी दिक्कत के ट्रेन व मालगाड़ी आती-जाती रही। स्टेटिक मजिस्ट्रेट बनाए गए खलीलाबाद के तहसीलदार शशांक शेखर राय चुरेब रेलवे स्टेशन में पुलिस कर्मियों के साथ डटे रहे। यहां पर भी कोई दिक्कत नहीं हुई। स्टेटिक मजिस्ट्रेट नामित किए गए अपर एसडीएम नवीन चंद्र श्रीवास्तव मगहर रेलवे स्टेशन पर पुलिस कर्मियों के साथ जमे रहे। यहां पर भी ट्रेनों व मालगाड़ियों के आने-जाने में कोई बाधा नहीं पहुंची। खलीलाबाद बाईपास पर भी काफी संख्या में पुलिस कर्मी तैनात रहे। इसकी वजह से परिवहन निगम व निजी बस तथा अन्य वाहनों के आवागमन पर कोई दिक्कत नहीं आई। डीएम दिव्या मित्तल, एसपी डा. कौस्तुभ, एडीएम मनोज कुमार सिंह व एएसपी संतोष कुमार सिंह पल-पल की गतिविधियों की जानकारी लेते रहे। भाकियू कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च किया

भाकियू के जिलाध्यक्ष जनार्दन मिश्र के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कानून का विरोध किया। न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गारंटी देने से संबंधित कानून बनाने के लिए नारेबाजी की। सपा सहित अन्य विपक्षियों दलों व संगठनों के कार्यकर्ताओं ने इसका समर्थन किया। भाकियू के जिलाध्यक्ष ने दावा किया कि धनघटा व मेंहदावल तहसील क्षेत्र में भारत बंद सफल रहा। भारत बंद में व्यापारियों व लोगों का भी सहयोग मिला। खलीलाबाद तहसील क्षेत्र में भारत बंद का मिला-जुला असर रहा। खलीलाबाद के मोती तिराहा से पैदल मार्च करते हुए गोला बाजार होते हुए प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट परिसर में पहुंचे। इस अवसर पर राम सिंह, सुभाष चंद्र किसान, मातेंद्र प्रताप , रमाशंकर यादव , विजय वर्मा, प्रेम नाथ पाठक, दयाराम विश्वकर्मा ,मुन्ना गिरी, राम तिलक यादव, पूर्णमासी, अवधेश कुमार ,मुन्नू चौधरी, प्रेम पाठक, प्रेम वर्मा, अशोक मिश्रा, मोहर सिंह आदि मौजूद रहे। भारत बंद के समर्थन में सड़क पर उतरे सपा कार्यकर्ता

भारत बंद के समर्थन में सपा के जिलाध्यक्ष गौहर अली खां और वरिष्ठ नेता पवन छापड़िया उर्फ पप्पू के नेतृत्व में कार्यकर्ता सड़क पर उतरे। खलीलाबाद के गोला बाजार सहित अन्य स्थानों पर दुकानों को बंद कराया। नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों की वजह से जनता महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार सहित अन्य समस्याओं से जूझ रही है। इसके बाद भी भाजपा के नेता यह कह रहे हैं कि देश और प्रदेश के लोग आत्मनिर्भर हो रहे हैं। समाज के सभी तबके के लोग खुशहाल जीवन जी रहे हैं। यह जनता के साथ मजाक है। जनता अगले साल होने वाले विधानसभा के चुनाव में भाजपा को जवाब देगी। इस अवसर पर रमेश चंद्र यादव, शिवकुमार गुप्ता, शिवाजी गुप्ता, दुर्गा लोहिया, गजपति सिंह, विनोद जायसवाल, हरजीत कौर, पवन शर्मा, प्रदीप गुप्ता, अभिषेक यादव, रामचंद्र, प्रमोद सिंह, नितिन गुप्ता, किशन देव सिद्धू आदि लोग मौजूद रहे। इसी क्रम में मेंहदावल और धनघटा में भी सपाई और कांग्रेस के नेता सड़क पर उतरकर कृषि कानून का विरोध किया।

chat bot
आपका साथी