बदलाव और विकास के लिए आगे आएं महिलाएं: पवन

समाज में बदलाव और विकास के लिए स्त्रियों को आगे आना होगा।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 25 Oct 2021 11:14 PM (IST) Updated:Mon, 25 Oct 2021 11:14 PM (IST)
बदलाव और विकास के लिए आगे आएं महिलाएं: पवन
बदलाव और विकास के लिए आगे आएं महिलाएं: पवन

संतकबीर नगर : शहर के कारोबारी और सपा नेता पवन छापड़िया पप्पू ने कहा कि नारी की सेवा और पूजा ही सनातन परंपरा है। आधी आबादी के बिना दुनिया का अस्तित्व असंभव है। समाज में बदलाव और विकास के लिए स्त्रियों को आगे आना होगा। महंगाई के इस दौर में सबसे अधिक परेशान महिलाएं ही हो रही हैं।

सपा नेता सोमवार को कैंप कार्यालय पर खलीलाबाद ब्लाक के समूह की महिलाओं के सम्मान समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि महिलाओं को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। शासन का निर्देश है कि गांवों में गठित महिला समूहों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाए, लेकिन अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के चलते ऐसा नहीं हो रहा। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में सभी वर्ग परेशान हैं। महिलाएं सड़क पर निकलने से डर रही हैं। लूट और छेड़छाड़ आम हो गया है। थानों पर शिकायत तक नहीं दर्ज हो रही है। इस दौरान मुख्य रूप से गजपति सिंह, महानंद, सुनील छापड़िया, प्रमोद सिंह, मालती देवी, सुमित्रा, प्रेमशीला, सुंदरी देवी, सुखराजी देवी के साथ ही बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। जनता कर रही सपा सरकार का इंतजार

संतकबीर नगर: सपा के वरिष्ठ नेता सुनील सिंह ने कहा कि भाजपा की सरकार से परेशान हो चुकी जनता को अब सपा सरकार का इंतजार है। प्रदेश में अराजकता का माहौल है। किसान, मजदूर, व्यापारी के साथ ही हर वर्ग परेशान है। कहीं व्यापारी को पुलिस पीटकर मार दे रही है तो कहीं मंत्री के बेटे किसानों को वाहनों के तले रौंदकर मार डाल रहे हैं। जनता सब देख रही है। योगी सरकार से ऊब चुकी जनता अब चुनाव का इंतजार कर रही है। प्रदेश में सपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने जा रही है।

सपा नेता सोमवार की देर शाम खलीलाबाद के दुघरा गांव में आयोजित चौपाल को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा के झूठे वादों की पोल जनता के सामने खुल चुकी है। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में प्रदेश में सपा की सरकार बननी तय है। सपा की सरकार बनने पर गांवों का विकास ठीक प्रकार से हो सकेगा। हर गांव में सार्वजनिक कार्यक्रम स्थल बनेगा। इस दौरान गांव के लोगों ने सड़क और जल निकासी की समस्या बताई। इसका उन्होंने सरकार बनते ही तत्काल समाधान करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सपा की नीति हर गांव में स्कूल और समाज के सभी वर्ग के लोगों को सम्मान देने का है। इस दौरान आटा कला के प्रधान अखलाक अहमद, अरशद खान, वीरेंद्र सिंह, मुकेश सिंह, शौकत, रंजन, संदीप, गोरख, कन्हैया, महेंद्र यादव, ऋषिकेश सिंह, सोहरत, अशोक कुमार, प्रमोद कुमार समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी