चुनावी रंजिश में दो गुट आपस में भिड़े, पूर्व महिला प्रधान समेत नौ घायल

एक पक्ष के सात लोगों पर मुकदमा दर्ज करके पुलिस कर रही मामले की जांच

By JagranEdited By: Publish:Fri, 18 Jun 2021 11:28 PM (IST) Updated:Fri, 18 Jun 2021 11:28 PM (IST)
चुनावी रंजिश में दो गुट आपस में भिड़े, पूर्व महिला प्रधान समेत नौ घायल
चुनावी रंजिश में दो गुट आपस में भिड़े, पूर्व महिला प्रधान समेत नौ घायल

संतकबीर नगर: कोतवाली खलीलाबाद थानाक्षेत्र के तेनुहारी दोयम गांव में बीते गुरुवार की रात करीब आठ बजे चुनावी रंजिश में दो गुट आपस में भिड़ गए। इस घटना में पूर्व महिला प्रधान समेत नौ लोग घायल हो गए। एक पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने शुक्रवार को सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

तहरीर में तेनुहारी दोयम गांव के निवासी चंद्रमूल ने यह उल्लेख किया है कि बीते गुरुवार की रात करीब आठ बजे चुनावी रंजिश को लेकर दूसरे पक्ष के लोग उनके घर पर चढ़ गए। परिवार के सदस्यों को अपशब्द कहने लगे। इसका विरोध करने पर इन लोगों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। इस घटना में उनकी पत्नी व पूर्व प्रधान विमला देवी, बेटा विकास व त्रिनेत, बेटी नेहा, चाचा शुभकरण और भाई भीमसेन घायल हो गए। जबकि दूसरे पक्ष से बलवंत, मंजीत, शिवदत्त भी घायल हुए हैं। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार पाण्डेय ने कहा कि दूसरे पक्ष के शैलेंद्र, शनिदेव, बसंत, श्याम मोहन, जितेंद्र, गुलशन व पंकज आदि सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस मामले की जांच की जा रही है। चलती वैशाली ट्रेन से गिरे युवक की मौत

संतकबीर नगर : कोतवाली खलीलाबाद के बरदहिया बाजार के निकट रेलवे गेट के पास शुक्रवार की सुबह गोरखपुर की तरफ जा रही वैशाली ट्रेन से युवक अचानक गिर गया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। काफी प्रयास करने के बाद भी शव की पहचान नहीं हो पाई है।

कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार पाण्डेय ने बताया कि सूचना मिलने पर तुरंत पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक युवक के पास से मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड अथवा अन्य कोई पहचान पत्र नहीं मिला। न ही मोबाइल मिला है। इसकी वजह से काफी प्रयास करने के बाद भी शुक्रवार की देर शाम तक शव की पहचान नहीं हो पाई। ऐसा प्रतीत होता है कि युवक संभवत: जनरल बोगी में गेट के पास बैठा रहा होगा। झपकी लग जाने की वजह से वह बोगी से नीचे गिर पड़ा और उनकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जीआरपी को भी सूचना दे दी गई है।

chat bot
आपका साथी